02 July, 2026 (Thursday)

बेंगलुरु में पत्थर की खदान में काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई चट्टान, बिहार के 7 लोगों की मौत

बेंगलुरु दक्षिण जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। यहां पत्थर की खदान में काम कर रहे मजदूरों पर चट्टान गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले से गुरुवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। जिले के मादापट्टना के पास एक पत्थर की खदान में चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की दुखद मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, ये हादसा गुरुवार को सुबह तब हुआ जब कावेरी कंपनी के कर्मचारी एक चट्टान पर काम कर रहे थे। उस वक्त एक क्रेन ऊपर की तरफ कर रही थी, उसी समय, अचानक एक बड़ी चट्टान नीचे की ओर गिरी और वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गई।
कैसे हुआ हादसा?
इस घटना को लेकर आरम्भिक जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त खदान में 15-20 मजदूर काम कर रहे थे। उस समय एक हिताची मशीन 100 फीट ऊपर की जगह साफ कर रही थी। हिताची ड्राइवर एक नया क्रशर लगाने के लिए जगह साफ कर रहा था। उस समय, नीचे मजदूर काम कर रहे थे। ऐसा प्रतीत होता है कि हादसा इसलिए हुआ क्योंकि हिताची ड्राइवर ने नीचे काम कर रहे मजदूरों को नहीं देखा।
सभी मृतक बिहार के
बेंगलुरु दक्षिण जिले के पत्थर की खदान में हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में मृत सभी 7 मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया है कि चट्टान के गिरने के बाद मजदूर उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या की पुष्टि की जा रही है।
CM ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शोक जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा- “बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदापट्टाना में क्रशर की दीवार गिरने से 7 श्रमिकों की मौत हो गई है, जिससे गहरा शोक का माहौल है। मैं प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले, उनके परिवारों को इस दुःख को सहने की शक्ति मिले और घायल शीघ्र स्वस्थ हों। खदान मालिकों का यह कर्तव्य है कि वे खदान कार्यों में लगे श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। सरकार नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *