22 October, 2026 (Thursday)

लाहौर में हाफिज सईद के घर के बाहर बम धमाके बाद फैली ये बड़ी अफवाह

लाहौर: पाकिस्तान के लाहौर में बुधवार को मुंबई आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद के घर के बाहर हुए जबरदस्त कार बम धमाके में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। बम धमाके के बाद इलाके में यह अफवाह भी फैल गई कि घटना के वक्त हाफिज सईद अपने घर में मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, जौहर टाऊन की बीओआर सोसायटी में सईद के घर के बाहर स्थित पुलिस जांच चौकी पर बम धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से आवास की सुरक्षा में तैनात कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों को जिन्ना अस्पताल ले जाया गया है, जहां 6 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।

किसी संगठन ने नहीं ली धमाके की जिम्मेदारी

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, धमाके के कारण सईद के घर की दीवारों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा है। किसी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है। पंजाब पुलिस के प्रमुख इनाम गनी ने कहा कि अगर जानी-मानी हस्ती के घर के बाहर कोई पुलिस चौकी नहीं होती तो इस घटना में ‘बड़ा नुकसान’ हो सकता था, उनका इशारा सईद की ओर था। संवाददाताओं से पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक इनाम गनी ने कहा कि कार बम धमाके में 3 लोगों की मौत हुई है और 21 अन्य घायल हुए हैं। गनी ने इसे ‘आतंकी’ घटना करार देते हुए कहा, ‘कार में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। जो ‘टॉरगेट’ था उसके घर के बाहर पुलिस चौकी थी। कार पुलिस चौकी को पार नहीं कर सकी।’
कार में रिमोट कंट्रोल से किया गया धमाका
गनी ने कहा कि आतंकवाद रोधी विभाग (CTD) के अधिकारी विस्फोट स्थल पर पहुंचकर सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रहे हैं। सीटीडी यह पता लगाएगा कि क्या यह आत्मघाती हमला था या नहीं? जिओ टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियों की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि इस धमाके में 30 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया गया। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया कि शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि धमाके में ‘विदेश में निर्मित सामग्री’ का उपयोग किया गया। साथ ही पाया गया कि विस्फोटक कार में भरा गया और दूर से इसमें विस्फोट किया गया।17 में से 6 घायलों की हालत नाजुक
रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल पर 3 फुट गहरा और 8 फुट चौड़ा गड्ढा बन गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इससे 100 वर्ग फुट के दायरे में नुकसान पहुंचा। जिन्ना अस्पताल के डॉ याह्या सुल्तान ने कहा कि घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं और अस्पताल में भर्ती कराए गए 17 घायलों में से 6 की हालत नाजुक है। गृह मंत्री शेख राशिद ने पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिरीक्षक को इस मामले में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि धमाका किस तरह का था, इसका पता लगाया जा रहा है और संघीय एजेंसियां जांच में पंजाब सरकार का सहयोग कर रही हैं।
कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा
पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बजदार ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, यह बेहद शक्तिशाली धमाका था, जिसके चलते इलाके के कई घरों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। धमाके के कारण एक मकान की छत भी ढह गई। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट स्थल के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल और रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद अफवाह फैली कि घटना के समय सईद घर में ही मौजूद था।कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है हाफिज सईद
बता दें कि आतंकवाद के वित्तपोषण मामले में दोषी 71 वर्षीय सईद लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। सईद के नेतृत्व वाला जमात-उद-दावा आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन है जोकि 2008 के मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार है। इस हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोगों की जान चली गई थी। संयुक्त राष्ट्र ने सईद को वैश्विक आतंकी घोषित किया हुआ है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed