07 March, 2026 (Saturday)

नीतीश कुमार से जुड़ी बड़ी खबर, अपने आवास पर बुलाई JDU के सांसदों-विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक; जानें क्या होने वाला है?

CM नीतीश कुमार ने आज शाम 5 बजे अपने आधिकारिक आवास पर जेडीयू के सभी विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाई है। बता दें कि इससे पहले नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है।
पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों भारी उठापटक चल रही है। सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। ऐसे में बिहार की कमान किसके हाथों में होगी, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच बिहार के CM नीतीश कुमार ने आज शाम 5 बजे अपने आधिकारिक आवास पर जेडीयू के सभी विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार इस बैठक में अपने भविष्य के राजनैतिक कदमों और अपने फैसले से पार्टी नेताओं को अवगत कराएंगे। बता दें कि 20 साल तक सीएम रहने के बाद नीतीश कुमार अब दिल्ली का रुख करने जा रहे हैं।
सीएम के चेहरे को लेकर बना सस्पेंस
नीतीश कुमार के राज्यसभा का रुख करने के बीच चर्चा ये चल रही है कि बिहार में नित्यानंद राय सीएम बन सकते हैं, वह यादव हैं और केंद्र में मंत्री हैं। ये भी करीब तय हो गया है कि बिहार में अब बीजेपी का ही मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन इसको लेकर कई सवाल हैं। पहला तो ये कि नीतीश कुमार इस्तीफा कब देंगे, फिर नई सरकार का गठन कब होगा और तब तीसरा सवाल आएगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा? हालांकि फिलहाल बीजेपी या JDU का कोई नेता इस इश्यू पर खुलकर बात नहीं कर रहा है, लेकिन अंदरखाने सबसे ज्यादा चर्चा इन्हीं सवालों पर हो रही है।

अबतक लालू-नीतीश ही रहे प्रमुख चेहरा
बता दें कि बिहार के नए मुख्यमंत्री का नाम तय करने पर बीजेपी और JDU में चर्चा शुरू हो गई है। अगले तीन चार दिन में सब कुछ तय हो जाएगा। बिहार की राजनीति ने पिछले 35 साल में दो ही चेहरे देखे हैं- लालू यादव और नीतीश कुमार। लालू और नीतीश दोनों को अपने स्वास्थ्य के कारण पीछे होना पड़ा। लालू अपने बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश में लगे रहे तो वहीं नीतीश कुमार ने बेटे को कभी आगे आने नहीं दिया। हालांकि अब नीतीश के बेटे की भी राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed