घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने के साथ वैक्सीन लगवाने की अपील की
मोहनलालगंज, लखनऊ।प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण से गांव को सुरक्षित रखने के लिए वृहद स्तर पर घर-घर दस्तक देकर चलाए जा रहे टेस्टिंग अभियान की सत्यता जानने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश मोहनलालगंज समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षिका ज्योति कामले से रैपिड रिस्पांस टीम की सक्रियता की जानकारी ली। साथ ही नर्स एएनएम व आशा बहुओं द्वारा गांव में जाकर सर्दी, जुकाम और डायरिया से पीड़ित मरीजों की पहचान कर इंफ्रारेड थर्मल स्कैनर और पल्स आॅक्सीमीटर से स्क्रीनिंग करने तथा गांव में कितने लोगों ने कोविड जांच कराई, कितने लोगों की एंटीजेन और कितने लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई इसका ब्यौरा भी एकत्र करने के निर्देश दिए साथ ही आशा बहुओं की मदद के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को भी साथ रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मोहनलालगंज नगर पंचायत के मऊ गांव का भी मौके पर जाकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मऊ गांव के रहने वाले इकबाल अहमद ढोलू, मोहम्मद नफीस, शंकर जायसवाल और रज्जन कुरील आदि के घर-घर जाकर महिलाओं व पुरुषों से कोविड-19 के तहत जानकारी ली और कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी पूछे तथा गांव में 45 वर्ष से ऊपर वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की जानकारी भी ली। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बिना किसी जरूरी काम के घर से अनावश्यक बाहर ना निकलने तथा घर से निकलते समय मास्क का निरंतर प्रयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर दो गज़ की सामाजिक दूरी बनाए रखने, अपने हाथों लगातार धोने व सेनेटाइज करने के साथ-साथ अपने घर के आसपास साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वह कोविड-19 के लक्षण जैसे बुखार, सर्दी, जुकाम, गले में खराश या लगातार सूखी खाँसी आने पर चिकित्सीय परामर्श लेकर सरकारी अस्पताल से दवाइयां लेकर अपने को सुरक्षित करें। जिलाधिकारी ने साथ में मौजूद उपजिलाधिकारी विकास कुमार सिंह को निर्देश दिए कि गांवों को सैनिटाइज कराने के साथ ही सफाई कर्मचारियों द्वारा गांवों मे व्याप्त गंदगी की साफ सफाई कराएं ताकि कोरोना संक्रमण व अन्य बीमारियों से लोगों को निजात दिलाने में मदद मिल सके। इस मौके पर जिलाधिकारी के साथ सीएमओ लखनऊ समेत अन्य अधिकारी व स्थानीय पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
