07 June, 2026 (Sunday)

अमेरिकी जनता को पसंद नहीं आया काबुल छोड़ने का बाइडन का फैसला, अप्रूवल रेटिंग ने बढ़ाई टेंशन

वॉशिंगटन. अफगानिस्तान (Afghanistan) से अमेरिकी सैनिकों (US Forces की वापसी और काबुल पर तालिबान (Taliban) के कब्जे के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) अपनी विदेश नीति को लेकर कड़ी आलोचना का सामना कर रहे हैं. इस बीच बाइडन की अमेरिका में अप्रूवल रेटिंग भी कम कर दी गई है. एनपीआर और पीबीएस न्यूशोर के साथ एक नए मैरिस्ट नेशनल पोल के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की अप्रूवल रेटिंग 43 प्रतिशत के अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गई है. ये उनके राष्ट्रपति बनने के बाद से सबसे कम है. ज्यादातर अमेरिकियों ने बाइडन की विदेशी नीति की निंदा की है, जबकि आबादी के एक बड़े हिस्से ने भी अफगानिस्तान में संयुक्त राज्य की भूमिका को फेल बताया है.

56 प्रतिशत अमेरिकियों ने बाइडन की विदेश नीति को नकारा
नए पोल की मानें तो करीब 56 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों ने जो बाइडन की विदेश नीति के तौर-तरीकों को अस्वीकार किया है. मैरिस्ट पोल द्वारा प्रकाशित डेटा से पता चलता है कि करीब अमेरिका की 61 प्रतिशत आबादी अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के खिलाफ है. पोल में कहा गया है कि अमेरिकी इस बारे में निश्चित नहीं हैं कि अफगानिस्तान में वास्तव में क्या होना चाहिए था, मगर लगभग 71 प्रतिशत लोगों का कहना है कि अफगानिस्तान में अमेरिका नाकाम साबित हुई है. इससे अमेरिका की प्रतिष्ठा कम हुई है.

अपने लोग भी हैं नाराज़
जो बाइडन से रिपब्लिकन भी नाराज हैं. पोल के मुताबिक, 73 प्रतिशत रिपब्लिकन भी बाइडन की विदेश नीति को सही नहीं मानते. वहीं 66 प्रतिशत डेमोक्रेट भी बाइडन की नीतियों से असंतोष जाहिर करते हैं. इस पोल में लगभग 75 प्रतिशत स्वतंत्र राजनेता भी शामिल हैं.

अमेरिकियों की राय- कुछ सैनिकों को काबुल में रहना चाहिए था
जब अमेरिकियों से पूछा गया कि अमेरिका को अफगानिस्तान की स्थिति से कैसे निपटना चाहिए, तो पोल में शामिल लोगों की राय अलग-अलग थी. 37 प्रतिशत लोगों का मानना है कि सभी अमेरिकी सैनिकों को वापस ले लिया जाना चाहिए था. वहीं 38 प्रतिशत आबादी का कहना है कि कुछ सैनिकों को वापस बुलाना जाना चाहिए था और कुछ को अफगान में ही रहने देना चाहिए था. 10 प्रतिशत लोगों का कहना है कि किसी भी सैनिक को वापस नहीं लेना चाहिए था, वहीं 5 फीसदी का मानना है कि अफगानिस्तान में अधिक सैनिकों को भेजा जाना चाहिए था.

बुश ज्यादा जिम्मेदार
हालांकि, अफगानिस्तान की हालत के लिए अमेरिकी सिर्फ बाइडन को दोषी नहीं मानते, बल्कि बुश को ज्यादा जिम्मेदार मानते हैं. 36 प्रतिशत मतदान करने वालों में से सबसे बड़े वर्ग ने जॉर्ज डब्ल्यू बुश को अफगानिस्तान में सैन्य मिशन की ‘विफलता’ के लिए सबसे अधिक जिम्मेदार बताया है. इसके अनुसार, अफगानिस्तान में अमेरिका की विफलता के लिए जो बाइडन 21 प्रतिशत, बराक ओबामा 15 प्रतिशत और डोनाल्ड ट्रंप 12 प्रतिशत जिम्मेदार हैं

वहीं, पोल में शामिल डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन नेता जॉर्ज डब्ल्यू बुश को (53 फीसदी) और ट्रंप को (22 फीसदी) जिम्मेदार बताया है. वहीं, रिपब्लिकन ने डेमोक्रेट्स नेता जो बाइडन को (38 फीसदी) और ओबामा को (34 फीसदी) जिम्मेदार बताया है.

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *