08 August, 2026 (Saturday)

अतीक और अशरफ के पास ही दफन होगा आबान, पुश्तैनी कब्रिस्तान कसारी मसारी में होगा अंतिम संस्कार

आबान और उसके साथी सोनू का शव हटवा गांव पहुंच गया है। यहां दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सोनू का अंतिम संस्कार हटवा गांव के कब्रिस्तान में होगा। वहीं, आबान का अंतिम संस्कार पुश्तैनी कसारी मसारी कब्रिस्तान में होगा।
माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान और उसके साथी सोनू के शव हटवा गांव पहुंच चुके हैं। यहां दोनों का अंतिम संस्कार होगा। पोस्टमार्टम के बाद झांसी से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ शव लाए गए हैं। सोनू का अंतिम संस्कार हटवा गांव के कब्रिस्तान में किया जाएगा। वहीं, आबान का अंतिम संस्कार पुश्तैनी कब्रिस्तान कसारी मसारी में होगा। जुम्मे की नमाज के बाद आबान को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद, भाई अशरफ और बेटे असद को भी दफन किया गया है।
आबान के अंतिम संस्कार से पहले हटवा गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कसारी मसारी में आबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के बगल में खोदी गई है। गुरुवार को सड़क हादसे में आबान की मौत हो गई थी। वह झांसी जेल में बंद अपने भाई से मिलने जा रहा था।
जनाजे में शामिल होने के लिए उमर-अली ने मांगी पैरोल
आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए अतीक के बड़े बेटे उमर और छोटे बेटे अली ने हाई कोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल की है। अर्जी पर दोपहर 12:00 बजे सुनवाई हो सकती है। पैरोल अर्जी मंजूर होने पर ही उमर और अली भाई के जनाजे में शामिल हो सकते हैं। मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में बंद है, जबकि अली अहमद झांसी जेल में बंद है। आबान का अंतिम संस्कार कसारी मसारी कब्रिस्तान में शाम 4:00 से 5:00 बजे होने की उम्मीद है। कसारी मसारी कब्रिस्तान में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
आबान अपने दोस्तों के साथ झांसी जा रहा था। वह जेल में बंद अली अहमद से मिलने वाला था। हालांकि, पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रास्ते में उसकी कार हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकरा गई। कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से दो की मौत हो गई और तीन लोग घायल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि हादसे में घायल कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मूर्ति ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार की गति बहुत तेज थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed