31 July, 2026 (Friday)

बरेली में नाले में गिरकर बह गया दिव्यांग बच्चा, तीसरे दिन मिली 6 साल के प्रीत की लाश

बरेली के आंवला में बारिश के दौरान नाले में बहे 6 साल के दिव्यांग बच्चे का शव गुरुवार दोपहर को बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से ही यूपी सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।
बरेली के आंवला में तीन दिन पहले बारिश के दौरान नाले में बहा 6 साल का दिव्यांग मासूम प्रीत आखिरकार मृत मिला। नगर पालिका, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की लगातार तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर को बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इकलौते बेटे का शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
एक पैर से दिव्यांग था प्रीत, वॉकर की मदद से चलता था
आंवला के मोहल्ला खेड़ा निवासी नंदराम प्रजापति का 6 साल बेटा प्रीत मंगलवार को बारिश के दौरान नाले में बह गया था। प्रीत एक पैर से दिव्यांग था और वॉकर की मदद से चलता था। घटना के बाद नगर पालिका, एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी रहीं।
सर्च ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे मंत्री
उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह भी पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को हर हाल में मासूम को खोज निकालने के निर्देश दिए थे। नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली खुद मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व करते रहे। नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली ने बच्चे का पता बताने या तलाश में मदद करने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की थी।

गोताखोरों की मदद से तीसरे दिन मिला बच्चे का शव
अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी की बनाई गई योजना और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीसरे दिन बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि रेस्क्यू के लिए क्षेत्र का विशेष नक्शा तैयार किया गया था, जिसके आधार पर संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई और आखिरकार बच्चे का शव बरामद हो गया। परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *