राजस्थान: महिला ने 70 साल की बुजुर्ग को चाय पर घर बुलाया, कुल्हाड़ी से शरीर के कई टुकड़े किए, फिर लूट लिए जेवर
राजस्थान के टोंक में एक महिला ने जेवर के लालच में एक बुजुर्ग महिला को कुल्हाड़ी से काट डाला और उसके शव के टुकड़े बोरी में भरकर फेंक दिए।
टोंक: राजस्थान के टोंक जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 58 साल की महिला ने 70 साल की एक महिला को चाय पर घर बुलाया और फिर कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के कई टुकड़े किए और उन्हें बोरी में भरकर फेंक दिया। ये घटना 11 जून की रात की है लेकिन इसका खुलासा अब हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
टोंक जिले के मेहंदवास थाना इलाके के लवादर गांव में 11 जून की रात को अलग-अलग कट्टों में 70 वर्षीय महिला हरबाई गुर्जर के शव के टुकड़े करके फेंक दिए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की और अब जाकर ये गुत्थी सुलझ गई कि इस घटना के पीछे कौन था।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक महिला हरबाई गुर्जर लवादर गांव में अपने चद्दर पोस झोपड़ी में अकेली रहती थी। वो अक्सर रात बिताने के लिए किसी अन्य पड़ोसी के घर चली जाती थी। लेकिन गांव की निवासी 58 वर्षीय रसाल देवी वैष्णव की नजर उसके जेवरों पर आई और उसने 9 जून की दोपहर हरबाई गुर्जर को अपने घर चाय के लिए बुलाया और फिर मौका देखकर उसे सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
इतना ही नहीं हाथ में पहने चांदी के कड़े और पैरो में पहनी कड़ियों को लेने के लिए कुल्हाड़ी से काटकर शरीर के अंगों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद आरोपी महिला रसाल ने शव को अलग अलग कट्टों, बोरियो में भरकर कचरा डालने वाली रेवडियों में डाल दिया। इस पूरे मामले में पुलिस ने टोंक जिले ही नहीं देश के कई राज्यों की खाक छाननी पड़ी।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टोंक, बूंदी, जयपुर और गुजरात तक जांच की। जिन मोबाइलों के माध्यम से लोगों की आवाजाही घटनास्थल की ओर रही, उनको भी चिह्नित किया गया और पूछताछ की गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से हत्या में उपयोग लिए गए कुल्हाड़ी और लूट के जेवर बरामद कर लिए हैं और अब हत्याकांड में अन्य लोगों के शामिल होने को लेकर पूछताछ की जा रही है।
