नमो भारत ट्रेन में सेक्स: छात्र-छात्रा और वीडियो वायरल करने वाले कर्मचारी पर केस दर्ज
नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर संचालित नमो भारत ट्रेन में अश्लील कृत्य करने वाले युवक-युवती और उसका वीडियो सार्वजनिक करने वाले आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की शिकायत पर गाजियाबाद के मुरादनगर थाने में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में चलती ट्रेन में आपत्तिजनक स्थिति में दिखे छात्र-छात्रा के अलावा उस वीडियो को सीसीटीवी फीड से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले ऑपरेटर को भी आरोपी बनाया गया है। संबंधित कर्मचारी को पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है।
यह मामला लगभग एक सप्ताह पहले तब चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो क्लिप वायरल हुए। इन वीडियो में एक जोड़ा चलती ट्रेन की सीट पर अश्लील कृत्य करते हुए दिखाई दे रहा है। पहनावे के आधार पर उनके किसी कॉलेज के विद्यार्थी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर उनकी पहचान की पुष्टि करने में जुटी है। इस घटना के बाद सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा और मर्यादा को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य करने (धारा 296), दृश्यरति यानी वॉयेरिज़्म (धारा 77) और इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रसारित करने (आईटी एक्ट की धारा 67) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जोड़े के आने-जाने के मार्ग और उनके गंतव्य की पहचान की जा रही है ताकि जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, इन धाराओं के तहत दोषियों को कठोर सजा मिल सकती है। सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत के लिए कारावास और जुर्माने का प्रावधान है, वहीं वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे साझा करने के मामले में न्यूनतम एक वर्ष से लेकर अधिकतम तीन वर्ष तक की कैद हो सकती है। एनसीआरटीसी और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों का दुरुपयोग करने वालों और सार्वजनिक मर्यादा भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्तियों का उपयोग करते समय शालीनता बनाए रखें।
