07 June, 2026 (Sunday)

उमरान का जन्म फ़रारी के लिए हुआ है और वह फ़रारी ही दौड़ाएंगे : टॉम मूडी

इस सीज़न में लगातार शुरुआती कुछ मुक़ाबले हारने के बाद सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर टूर्नामेंट में उम्दा वापसी की। दूसरी टीमों के परे सनराइज़र्स हैदराबाद ने बल्लेबाज़ी क्रम तैयार करने के बजाय गेंदबाज़ी आक्रामण को तैयार करने पर काम किया जो कि भारतीय गेंदबाज़ों से लैस है। सनराइज़र्स हैदराबाद के मुख्य कोच टॉम मूडी जो कि आईपीएल में अधिकतर समय तक हैदराबाद के साथ ही रहे हैं उन्होंने हैदराबाद की गेंदबाज़ी आक्रमण को लेकर विस्तृत चर्चा की है।

मूडी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बहुत लोगों ने इस बात को माना है कि टी20 में आप गेंदों का कैसा बचाव करते हैं यह सबसे महत्वपूर्ण है। मैं हमेशा से इस बात में विश्वास रखते आया हूं कि आपके पास पारी के हर चरण में विकेट निकालने की क्षमता होनी चाहिए। इसी बात को ज़हन में रखते हुए इन भूमिकाओं के लिए भारतीय प्रतिभाओं का रुख़ करना काफ़ी अच्छा है।

उन्होंने कहा कि टीम में विशेष भूमिकाओं को निभाने के लिए आपको मांग और आपूर्ति को ध्यान में रखना होता और इसी आधार पर आप नीलामी के दिन निर्णय लेते हैं। इसलिए हमने 2022 में भी कुछ खिलाड़ियों को वापस अपने साथ जोड़ा। भुवी (भुवनेश्वर कुमार) ने आईपीएल में और भारत के लिए लंबे अरसे तक अपनी कौशल को लोहा मनवाया है, अभी भी उनके पास अपनी गेंदों से योगदान देने के लिए काफ़ी वर्ष बचे हुए हैं और हमारे पास नट्टू (टी नटराजन) हैं, जो कि दिन प्रति दिन और भी बेहतर होते जा रहे हैं। हां, उन्हें चोट के साथ भी जूझना पड़ा है, लेकिन वह इससे गुज़रने वाले इकलौते तेज़ गेंदबाज़ नहीं हैं।

उमरान मलिक की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा ,’देखिए, सिर्फ़ मैं ही नहीं पूरा क्रिकेट जगत उमरान की रफ़्तार से काफ़ी प्रभावित है। अगर आप दूसरे छोर पर नहीं हैं तो किसी गेंदबाज़ को 150 किमी की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करते देखने से अच्छा कुछ भी नहीं है। उमरान ने अब तक बेहद ही उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्हें यह पता है कि उनकी यात्रा अभी शुरू ही हुई है और किसी भी दूसरे क्रिकेटर की तरह उन्हें आगे कई चुनौतियों का सामना करना होगा। उन्हें डेल स्टेन जैसा मेंटोर मिला है। वह कड़ी मेहनत करने वाला बच्चा है। सनराइज़र्स में उनके आसपास एक मज़बूत यूनिट है। ऐसे में उनके और भारतीय क्रिकेट के लिए आगे अभी बहुत कुछ रखा हुआ है।

मूडी ने कहं’मुझे नहीं लगता कि वह कभी लाइन लेंथ वाले गेंदबाज़ बनेंगे। उनका जन्म फ़रारी के लिए हुआ है और वह फ़रारी ही दौड़ाएंगे (हंसते हुए)। किसी भी दूसरे तेज़ गेंदबाज़ों की तरह ही उन्हें चुनौतियों का सामना करना होगा, वह चोटिल भी होंगे, लेकिन अब तेज़ गेंदबाज़ों के शुरुआती दौर की आक्रामकता और उन्हें प्रतिबंधित करने का ज्ञान पहले मुक़ाबले अब काफ़ी बेहतर है। सिर्फ़ यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि उन्हें सही मार्गदर्शन मिले, उनकी सही मेंटॉरिंग हो और वह ऐसे लोगों से घिरे रहें जो कि उनके लिए चीज़ों को जटिल न बनाएं। सनराइज़र्स हैदराबाद का हिस्सा होने के तौर पर मैं और स्टेन पूरे वर्ष कुछ प्रमुख लोगों के साथ घरेलू स्तर से लेकर उच्च स्तर तक संवाद करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा,’मैंने इस सीज़न में खेले मुक़ाबलों में उमरान में सुधार देखा है। उन्हें खर्चीला होने के कारण नकारात्मक फ़ीडबैक मिल रहे थे। शुरुआती कुछ मुक़ाबलों में उनकी इकॉनमी काफ़ी ज़्यादा थी, लेकिन मुझे लगता है लोगों को यह बात समझनी चाहिए कि छोटे प्रारूपों में जब आपके पास गति होती है तो आपका खर्चीला होना स्वभाविक है। आपको यह स्वीकारना होगा आपकी इकॉनमी ज़्यादा रहेगी, लेकिन इसके बदले में आप विकेट की चाह रखते हैं। उन्हें इकॉनमी अच्छी रखने के बजाय आक्रामकता बरकरार रखने और विकेट निकालने की ओर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया है।

मूडी ने कहा,’हम उनका समर्थन करते हैं और उन्हें लगातार मैच और विपक्षी टीम के हिसाब से अपने सुझाव देते रहते हैं। वह लगातार आगे बढ़ रहे हैं, सुधार कर रहे हैं और गेम के प्रति अपनी समझ को बढ़ा रहे हैं क्योंकि वह अभी युवा हैं और उन्हें अभी काफ़ी कुछ सीखना बाक़ी है।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *