केरल गेम्स का रंगारंग उद्घाटन, 24 खेलों में हिस्सा लेंगे 8000 से अधिक खिलाड़ी
केरल राज्य के खेल मंत्री वी. अब्दुरहीमान ने शनिवार को यहां विश्वविद्यालय स्टेडियम में हुए एक रंगारंग समारोह में राज्य ओलंपिक संघ द्वारा पहली बार आयोजित किए जा रहे केरल खेलों (गेम्स) का उद्घाटन किया। इन खेलों में 8000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन स्थल पर पहुंचने से पहले केरल खेलों की मशाल और झंडा लिए एथलीटों ने शहर भर में मार्च पास्ट किया।ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम, हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश, पहलवान रवि कुमार दहिया और बजरंग पुनिया के साथ केरल के ओलंपियन- साजन प्रकाश, एलेक्स एंटनी, केटी इरफान और एमपी जाबिर खुली जीप में एथलीटों के साथ थे।
राज्य के वित्त मंत्री के एन. बालगोपाल ने समारोह के दौरान विश्व चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। मंत्री वी. शिवनकुट्टी, जीआर अनिल और एंटनी राजू ने क्रमशः ओलंपिक पदक विजेता श्रीजेश, दहिया और पुनिया को सम्मानित किया।
पहला केरल खेल राज्य ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित एक मेगा मल्टी-स्पोर्ट इवेंट है। 1 से 10 मई तक चलने वाले इन खेलों के हिस्से के रूप में रविवार को 21.1 किमी लंबी हाफ मैराथन आयोजित की जाएगी।
फरवरी के मध्य में होने वाले खेलों को महामारी की स्थिति को देखते हुए मई के लिए रिशेड्यूल किया गया था। इससे पहले, इन खेलों का आयोजन 15 से 24 फरवरी के बीच होना था।
