जानें- कब खेली जाएगी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज, बांग्लादेश के खिलाड़ियों का भुगतान हुआ
पूर्व क्रिकेटरों की रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज भारत में चार जगहों पर मई-जून 2022 में खेली जाएगी। पहले यह टूर्नामेंट फरवरी-मार्च में खेला जाना था, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआइ को पुष्टि करते हुए कहा कि टूर्नामेंट चार स्थानों पर खेला जाएगा और आयोजक मई के अंतिम सप्ताह में टूर्नामेंट शुरू करना चाहते हैं। बता दें कि पिछले साल इस टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज क्रिकेटर खेलते दिखाई दिए थे। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुआ था।
सूत्रों ने कहा, ‘हां टूर्नामेंट का आयोजन चार स्थानों हैदराबाद, विशाखापत्तनम, लखनऊ और इंदौर में किया जाएगा। पहले, हम फरवरी के अंतिम सप्ताह में टूर्नामेंट शुरू करना चाह रहे थे, लेकिन अब कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया है और यह मई के अंतिम सप्ताह में शुरू होगा। फाइनल जून में खेला जाएगा और हमें पहले ही हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से मंजूरी मिल गई है।’ हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के अनुमोदन पत्र समाचार एजेंसी एएनआइ के पास है। इसमें कहा गया है , ‘खेल के दिग्गजों द्वारा सामाजिक जागरूकता के लिए दिखाया गया उत्साह काफी सराहनीय है। हमें इस शानदार टूर्नामेंट मेजबानी करने पर गर्व होगा।’
इससे पहले बांग्लादेश मीडिया ने बताया था कि खालिद महमूद, महराब हुसैन और राजिन सालेह जैसे बांग्लादेश के पूर्व खिलाड़ियों को रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ के पहले संस्करण में शामिल होने के लिए भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि, पूर्व खिलाड़ी राजिन सालेह ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए उन्हें उनका भुगतान मिल गया है। उन्होंने कहा था, ‘यह एक शानदार टूर्नामेंट था, यह हमारे लिए एक शानदार सफर था। मुझे पता है कि भुगतान संबंधी कुछ समस्याएं थीं, लेकिन अब इसे दूर कर लिया गया है। अगली सीरीज के लिए सभी को शुभकामनाएं। अगर मुझे एक बार फिर टूर्नामेंट खेलने का मौका मिला, तो मैं उपलब्ध रहूंगा।’
बांग्लादेश के पूर्व स्पिनर अब्दुर रज्जाक ने लीग के साथ अपनी भागीदारी के बारे में बात करते हुए कहा, ‘भुगतान के साथ कुछ मुद्दे थे, लेकिन अब इसे साफ कर दिया गया है। मैं वास्तव में इसकी सराहना करता हूं।’ रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के पहले संस्करण में भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमों ने भाग लिया। सचिन तेंदुलकर के नेतृत्व में इंडिया लीजेंड्स ने श्रीलंका लीजेंड्स को 14 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
