06 June, 2026 (Saturday)

होली पर होगा ‘बच्चन पांडेय’ का हंगामा, नये पोस्टर्स पर दिखा अक्षय कुमार का किलर लुक, जानें- नई रिलीज डेट

अक्षय कुमार ने नये पोस्टरों के साथ अपनी फिल्म बच्चन पांडेय की रिलीज डेट का एलान किया है। फिल्म इस साल होली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब तक के रिलीज कैलेंडर के हिसाब से बच्चन पांडेय साल 2022 में अक्षय की पहली रिलीज फिल्म होगी। अगर सब कुछ ठीक रहता तो पृथ्वीराज उनकी पहली रिलीज होती, जो 21 जनवरी को सिनेमाघरो में आने वाली थी, मगर कोरोना मामले बढ़ने के बाद फिल्म की रिलीज स्थगित कर दी गयी थी।

अक्षय ने फिल्म के पोस्टर्स शेयर करके दिलचस्प अंदाज में जानकारी दी। उन्होंने एक्शन, कॉमेडी, रोमांस और ड्रामा को टिक करते हुए बताया कि बच्चन पांडेय सारे मसालों से भरपूर फिल्म होगी। इसके साथ उन्होंने लिखा- Loading this Holi. सिनेमाघरों में 18 मार्च को रिलीज होगी। फरहाद सामजी निर्देशित बच्चन पांडेय का का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस, कृति सेनन, अरशद वारसी, पंकज त्रिपाठी, प्रतीक बब्बर, सहर्ष शुक्ला और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अक्षय कुमार ने दो पोस्टर्स शेयर किये हैं, जिन पर उनका किलर लुक नजर आ रहा है। सिर पर साफा, आंखों पर रंगीन चश्मा, गले में चेन और कंधे पर हथियारों का जखीरा। दूसरे पोस्टर पर एक जुगाड़नुमा गाड़ी में अक्षय अपनी पलटन के साथ नजर आ रहे हैं और हाथों में हथियार लहरा रहे हैं।

बता दें, बच्चन पांडेय पहले 4 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो जैकलीन और कृति, अक्षय के साथ पहले भी काम कर चुकी है। अरशद के साथ उनकी यह पहली फिल्म है। अक्षय ने अरशद की फिल्म जॉली एलएलबी के सीक्वल जॉली एलएलबी 2 में मुख्य भूमिका निभायी थी। पंकज त्रिपाठी, अक्षय के साथ इस फिल्म के अलावा ओह माई गॉड 2 में नजर आएंगे।

2022 में अक्षय की जो फिल्में सिनेमाघरों या ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होंगी, उनमें पृथ्वीराज, रक्षा बंधन और राम सेतु शामिल हैं। अक्षय की पिछली फिल्म सूर्यवंशी है, जो पिछले साल 5 नवम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी हासिल की थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *