21 October, 2026 (Wednesday)

दावोस सम्‍मेलन को आज संबोधित करेंगे पीएम मोदी, वैश्विक मंच से साझा करेंगे अपने विचार

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के आनलाइन आयोजित होने जा रहे दावोस एजेंडा शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आज से पांच दिनों तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन को उनके अलावा चीन के राष्‍ट्रपति शी जिनपिंग भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का संबोधन सोमवार रात साढ़े आठ बजे होगा। इस सम्‍मेलन में विश्‍व के कई बड़े नेता मौजूदा वर्ष के लिएअपने दृष्टिकोण साझा करेंगे। बता दें कि पिछले वर्ष की तरह ही इस बार भी कोरोना महामारी के चलते इस सम्‍मेलन (दावोस एजेंडा) का आयोजन वर्चुअली ही किया जा रहा है।

डब्ल्यूईएफ के मुताबिक इस बार इस वैश्विक मंच से नेता ‘विश्व के ताजा हालात’ पर अपने विचार रखेंगे। यही इस सम्‍मेलन का विषय भी है। पीएम मोदी और चीन के राष्‍ट्रपति शी के अलावा इस सम्मेलन को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन, जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फूमियो, अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट एल येलेन समेत अनेक वैश्विक नेता भी संबोधित करेंगे।

विश्व आर्थिक मंच के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष क्लास श्वाब का कहना है कि पूरे विश्‍व को इस बात की उम्‍मीद है कि इस वर्ष कोरोना महामारी और इससे उत्पन्न संकट के बादल धीरे-धीरे छंटने लगेंगे। हालांकि क्‍लाइमेट चेंज समेत कई बड़ी वैश्विक चुनौतियां हमारे सामने खड़ी हैं।

पिछले साल हुए सम्‍मेलन में पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वैक्सीन का जिक्र किया था। उस वक्‍त उन्होंने कहा था कि भारत अपनी बनाई वैक्‍सीन को पूरी दुनिया को उपलब्ध कराएगा। उन्‍होंने उस वक्‍त दुनिया को आश्वस्त किया था भविष्‍य में विश्‍व के सामने आर्थिक मोर्चे पर तेजी से स्थितियां बदलेंगी। पिछले वर्ष पीएम मोदी ने इस वैश्विक मंच से ये भी साफ कर दिया था कि भारत आत्मनिर्भर बनने के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत की आत्मनिर्भरता की आकांक्षा वैश्वीकरण को नए सिरे से मजबूत करेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed