पति ने पत्नी व तीन बच्चों की गला रेतकर की हत्या
कुशीनगर । जिले के कसया थाना क्षेत्र के गांव कुड़वा दिलीपनगर के एक युवक ने अज्ञात कारणों से पत्नी व तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी। युवक ने घटना को अंजाम देने के बाद खुद जहर खा लिया। मौके पर पुलिस पहुंच जांच व जरूरी कार्रवाई करने में लगी है।
धारदार हथियार से रेत दिया था गला
गांव के गर्मियां गोपाल टोला के निवासी जितेंद्र कुशवाहा के घर सन्नाटा देख ग्रामीण एकत्रित हुए तो इस घटना का पता चला। मौके पर 32 वर्षीय लीलावती, आठ वर्षीय आकाश, छह वर्षीय विकास, चार वर्षीय नितेश का शव पड़ा हुआ था। सभी की धारधार हथियार से गला रेत दिया गया था। दूसरी तरफ जितेंद्र जहर खाने के बाद बेहोशी की अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जितेंद्र को जिला अस्पताल भेजा गया। एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। कहा कि हत्या का कारणों का पर्दाफाश करने के लिए जांच चल रही है।
