06 June, 2026 (Saturday)

व्हाइट हाउस ने पांच नशेड़ी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, मारिजुआना को लेकर राष्ट्रपति पशोपेश में

मारिजुआना जैसे मादक पदार्थों का उपयोग करने के चलते व्हाइट हाउस ने अपने पांच कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। मारिजुआना के उपयोग का मुद्दा राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह यह है कि एक तरफ जहां वाशिंगटन डीसी समेत 15 प्रांतों ने मनोरंजन के लिए इसके इस्तेमाल को अनुमति दे रखी है वहीं संघीय सरकार ने इसे निषेध कर रखा है।

कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाना सिर्फ मारिजुआना वजह नहीं है: व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी जेन पाकी ने कहा कि सिर्फ मारिजुआना का इस्तेमाल करने के चलते ही कर्मचारियों को नौकरी से नहीं निकाला गया है बल्कि इसके पीछे और भी कारण रहे हैं। हालांकि उन्होंने दूसरी वजहों की जानकारी नहीं दी। कर्मचारियों को निकाले जाने की सबसे पहले खबर डेली बीस्ट वेबसाइट ने गुरुवार रात को दी थी।

बाइडन प्रशासन ने की सुरक्षा से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा 

बता दें कि दो महीने पुराने बाइडन प्रशासन ने सुरक्षा से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा की है। इतना ही नहीं बाइडन प्रशासन ने मारिजुआना नीति को लचीला भी बनाया है। अब ऐसे लोगों को भी व्हाइट हाउस में बतौर कर्मचारी रखने का रास्ता साफ हो गया है, जो एक वर्ष में 15 बार इसका उपयोग कर चुके हैं। मारिजुआना के उपयोग को लेकर संघीय सरकार भी कुछ हद तक उदार हुई है। कार्मिक प्रबंधन कार्यालय ने एक ज्ञापन जारी करके कहा कि किसी व्यक्ति को केवल इसलिए अयोग्य नहीं ठहराया जाना चाहिए कि उसने पिछले दिनों मारिजुआना का उपयोग किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *