उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बदलकर भारतीय जनता पार्टी ने हार मान ली इलियास कादरी
सहारनपुर । राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी इल्यास क़ादरी को अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम जावेद ने पश्चिम बंगाल के चुनाव के लिए ऑब्ज़र्वर बनाया है।
श्री नदीम जावेद ने देश के विभिन्न प्रान्तों से पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए जो 12 ऑब्ज़र्वर बनाये है उनमें श्री इल्यास कादरी को भी शामिल किया है।श्री क़ादरी महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में मुंबई के चुनाव प्रभारी और दरगाह अजमेर शरीफ के भारत सरकार द्वारा नामित सदस्य भी रह चुके हैं।
पीरान कलियर से वापसी पर बातचीत में इलयास क़ादरी ने कहा कि असम में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाएगी और पश्चिम बंगाल में अपने सहयोगियों के साथ कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। कादरी ने बताया कि मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम जावेद पश्चिम बंगाल व असम में एक दर्जन से अधिक मोर्चा के कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए माहौल बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने मुख्यमंत्री बदल कर पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है साथ ही उत्तर प्रदेश में भी किसानों की नाराज़गी और बढ़ती महँगाई व बेरोज़गारी के कारण बी जे पी का जाना तय है।
