सहारा इंडिया कंपनी से पीड़ितों ने डीएम से मांगा न्याय कंपनी में जमा पैसे का भुगतान न होने से परेशान हैं कार्यकर्ता व जमाकर्ता
(सिद्धार्थनगर )। लंबे समय से सहारा इंडिया कंपनी में जमा पैसे का भुगतान न मिलने के कारण जमाकर्ता व कार्यकर्ता परेशान हैं। मांगों को लेंकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में दूसरे दिन भी वह अनशन पर बैठे रहे।
अनशन पर बैठे पीड़ितों का आरोप है कि जमा पूंजी निकालने के लिए बीते एक साल से सहारा इंडिया कंपनी के सेक्टर मैनेजर से लेकर चेयरमैन तक लिखा-पढ़ी करते रहे,लेकिन कोई सुखद परिणाम नहीं मिला। पैसों के अभाव में हम लोग शादी-विवाह, दवा, बच्चों की पढाई ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। धनाभाव के कारण परिवार की जिंदगी पानी पर तैरती नांव की तरह हो गई है। हम लोग अपनी गाढ़ी कमाई का एक-एक रूपया इकटृठा करके सहारा इंडिया में इस आशा व विश्वास से जमा किए और कराए कि समय पूर्ण होने पर भुगतान मिल जाएगा। हम लोग ठगा महसूस कर रहे हैं। कंपनी भुगतान राशि देने में आनाकानी कर रही है और तमाम बहाने बना रही है। लोगों ने डीएम से आग्रह किया कि जमा कराए गए खाताधारकों का करोड़ों रूपए बकाया भुगतान कराया जाए। खाताधारकों के भुगतान के बाद कार्यकर्ताओं का संपूर्ण भुगतान कराया जाए। थाना खेसरहा में दर्ज एफआईआर का विवेचना रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल कराया जाए। समाधान मिलने तक हम पीड़ितों को शांतिपूर्ण क्रमिक अनशन में दखल न किया जाए। इस दौरान राधेश्याम सोनी, रामकिशुन गौड़, बद्री विशाल मिश्र, राकेश मिश्र, अरंिवंद कुमार गुप्ता, राजू लाल श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार यादव, कमला प्रसाद, चंद्रसेन, शिवशंकर सिंह, उमेश चंद सुनील कुमार आदि अनशन पर बैठे रहे।
