06 June, 2026 (Saturday)

अजिंक्य रहाणे के शतक के बाद आज तक भारत को टेस्ट में कोई टीम नहीं हरा पाई, दिलचस्प हैं आंकड़े

मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए चार मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 8 विकेट की दमदार जीत हासिल की। इस जीत में टीम की कप्तानी कर रहे अजिंक्य रहाणे का सबसे बड़ा हाथ रहा। सटीक कप्तानी के साथ ही उन्होंने बेमिसाल शतकीय पारी भी खेली। रहाणे मैच के हीरो रहे और उनको मैन ऑफ द मैच चुना गया। कमाल की बात यह है कि जिस भी टेस्ट में रहाणे ने अब तक शतक बनाया है वह मैच भारत हारा नहीं है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में खेला गया टेस्ट मैच पूरी तरह के रहाणे के नाम रहा। पहले कप्तानी में सही वक्त पर सही फैसले और फिर बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन से उन्होंने सभी का दिल जीता। रहाणे ने इस मैच की पहली पारी में 112 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन दोनों ही पारियों में उन्होंने अपने अनुभव का परिचय देते हुए टीम को संभाला।

रहाणे के टेस्ट शतक के बाद कभी नहीं हारा भारत

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में रहाणे ने अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक बनाया। इस मैच में भारत ने 8 विकेट की जीत हासिल की और इसी के साथ उनकी शतकीय पारी में भारत के जीत का प्रतिशत 100 बरकरार रहा। दरअसर रहाणे ने अब तक जिन 12 मैचों में शतक बनाया है उसमें से 9 में टीम इंडिया को जीत मिली है जबकि 3 मैच ड्रॉ हुआ है। इस तरह से जब कभी भी रहाणे के बल्ले से टेस्ट शतक निकला है तो टीम को हार नहीं मिली।

रहाणे को मिला मैन ऑफ द मैच

पहली पारी में शानदार रणनीति बनाने के साथ अजिंक्य रहाणे शानदार शतक भी जमाया। उन्होंने 223 गेंद पर 12 चौके की मदद से कुल 112 रन की पारी खेली थी। इस दौरान रहाणे ने हनुमा विहारी के साथ 52, रिषभ पंत के साथ 57 जबकि रवींद्र जडेजा के साथ 121 रन की साझेदारी भी निभाई। दूसरी पारी में वह 27 रन बनाकर नाबाद लौटे और इस मैच की दोनों पारी में कुल 139 रन बनाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *