3 दिसंबर से आ रहा है सरकारी भारत बॉन्ड ETF में निवेश का मौका, पैसा रखिए तैयार
सरकारी भारत बॉन्ड ETF (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) फिर निवेश के लिए आ रहा है। इसका तीसरा चरण तीन दिसंबर को खुलेगा। सरकार का इरादा इसके जरिए 10,000 करोड़ रुपये जुटाने का है। एक अधिकारी ने कहा कि यह सब्सक्रिप्शन (सदस्यता) नौ दिसंबर को बंद हो जाएगा। इसके अलावा निर्गम का मूल आकार ‘मुक्त ग्रीन शू विकल्प’ के साथ 1,000 करोड़ रुपये का होगा।
भारत बॉन्ड ईटीएफ एक एक्सचेंज ट्रेडेड फंड है, जो सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के बॉन्ड में निवेश करता है। मौजूदा समय में ईटीएफ केवल सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के ‘एएए’ रेटिंग वाले बॉन्ड में निवेश करता है। एडलवाइस एसेट मैनेजमेंट इस योजना की कोष प्रबंधक है। योजना सूचना दस्तावेज (एसआईडी) पहले ही पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दाखिल किया जा चुका है।
