हांगकांग की स्वायत्तता को लेकर अमेरिका-चीन आमने-सामने, 14 चीनी अधिकारियों के खिलाफ लगाया प्रतिबंध
हांगकांग को लेकर एक बार फिर अमेरिका और चीन आमने-सामने हैं। अमेरिका ने सोमवार को प्रतिबंधों का सिलसिला जारी रखते हुए हांगकांग की स्वायत्तता को कम करने के लिए 14 चीनी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने जानकारी साझा की है कि यह प्रतिबंध व्यक्तियों के खिलाफ है। प्रतिबंधित सभी व्यक्ति चीन के नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के सदस्य है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनाव हार जाने के बाद भी चीन के प्रति अपने स्टैंड पर कायम हैं। अमेरिका में 20 जनवरी को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन पदभार ग्रहण करेंगे, लेकिन ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि हार के बावजूद चीन के प्रति उनके नजरिए में कोई बदलाव नहीं आया है।
