04 November, 2026 (Wednesday)

मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 48 घंटे में चेन स्नेचिंग का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को धर दबोचा है।
बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की त्वरित कार्रवाई देखने को मिली है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन छिनाई की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, छीनी गई सोने की चेन को पिघलाकर बनाए गए
सोने के गोले को भी बरामद किया गया है।

कहां की घटना

घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णाटोली ब्रह्मस्थान के पास की है, जहां बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इस मामले में वादी सुशील कुमार पटेल के लिखित आवेदन पर ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 331/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 3 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुध कुमार सोनी उर्फ बंटी, अंशु राज और मोहित कुमार उर्फ रावण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई सोने की चेन को पिघलाकर बनाए गए सोने के गोले का एक पीस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

सिटी एसपी ने अपराधियों को दी चेतावनी
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि कृष्णाटोली में बाइक सवार अपराधियों ने महिला से चेन छीनी थी। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। महज 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर छीनी गई चेन से पिघलाकर तैयार किया गया सोना बरामद कर लिया गया। सिटी एसपी ने चेन छिनाई करने वाले अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अपराधी जिला छोड़ दें। पुलिस इस तरह के मामलों को गंभीरता से ले रही है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *