देश में 24 घंटों में मिले 45,892 नए कोरोना संक्रमित, 817 की हुई मौत; केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया आंकड़ा
नई दिल्ली । देश में बीते 24 घंटों के दौरान 45,892 नए केस सामने आए और 817 संक्रमितों की मौत हो गई। यह आंकड़ा आज सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। वहीं इस दौरान देश भर में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 33,81,671 है। इस साल के जनवरी माह से देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन का अभियान शुरू किया गया जिसके तहत अब तक कुल 36,48,47,549 खुराकें दी जा चुकी हैं।
भारत में अब तक कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3,07,09,557 है और इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वालों की संख्या 4,05,028 है। पिछले दिनों देश ने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप झेला और अब इससे उबरने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि इस घातक वायरस के नए-नए वैरिएंट आने के साथ ही तीसरी लहर को लेकर संभावनाएं जताई जा रहीं हैं।
मंत्रालय के अनुसार, अभी देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों का आंकड़ा 4,60,704 है वहीं अब तक स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 2,98,43,825 है।
