ई-रिक्शा की बैटरी फटने से घायल महिला की मौत
– ड्राइवर द्वारा दूसरी बैटरी लगाने से हुआ था हादसा
इन्दौर (ईएमएस) ई रिक्शा की बैटरी फटने से घायल महिला की मौत के बाद पुलिस ने रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की है जहां कल एक ई-रिक्शा की बैटरी फटने से रामकुंवर बाई पति नाथुसिंह उम्र पिच्चासी साल निवासी दिग्गी राजा नगर जिला देवास और उनकी बेटी पवित्रा बाई पति विजय चौहान उम्र पचास साल निवासी निरंजनपुर नई बस्ती गंभीर रूप से झुलस गईं थी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पवित्रा बाई की इलाज के दौरान आज सुबह मौत हो गई। विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्कीम नंबर 54 की है। घटना में इन दोनों के अलावा ई-रिक्शा का ड्राइवर अरुण गुप्ता पिता सत्यप्रकाश गुप्ता उम्र चौंतीस साल निवासी गोल्डन पाम निरंजनपुर भी झुलस गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय नगर पुलिस और डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में पता चला कि ई-रिक्शा के ड्राइवर में अपनी ई-रिक्शा में एक्स्ट्रा बैटरी लगा रखी। जिसके कारण ये हादसा हुआ है। इस मामले में पवित्राबाई के भाई ईश्वर पिता नाथु सिंह सोलंकी की शिकायत पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक अरुण गुप्ता के खिलाफ 125 (बी) बीएनएस एवं 198 एमवी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था अब इस दुर्घटना में घायल एक महिला की मौत के बाद उसमें धारा बढ़ाई जा सकती है।
