06 June, 2026 (Saturday)

बांग्लादेश के कोक्स बाजार पहाड़ी में पेड़ से लटकता मिला पुजारी का शव, 3 दिन से था लापता

बांग्लादेश में फिर एक हिंदू पुजारी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। परिवार ने 3 दिन पहले उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
ढाकाः बांग्लादेश में कोक्स बाजार पहाड़ी में एक पुजारी का शव पेड़ से लटकता पाया गया है। प्राथमिक सूचना के अनुसार यह पुजारी 3 दिनों से लापता था। शव मिलने के बाद हिंदू समुदायों में दहशत फैल गई है। बांग्लादेश पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि यह हत्या थी या आत्महत्या।

किस अवस्था में मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के पुजारी का शव कोक्स बाजार सदर उपजिला में गले में स्कार्फ लपेटे हुए एक पेड़ से लटकता हुआ मिला है। वह तीन दिन से लापता था। कोक्स बाजार सदर मॉडल पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद समिउद्दीन ने बताया कि बुधवार दोपहर खुरुशखुल यूनियन के एक दूरस्थ पहाड़ी इलाके में पेड़ से लटका हुआ शव बरामद किया गया। मृतक पुजारी का नाम नयन दास है। वह उसी यूनियन में स्थित पुलिश्शोरा घोना नाग पंचमी मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत थे। कोक्स बाजार पूजा उद्यापन परिषद के महासचिव जॉनी धर ने परिवार के हवाले से बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 9 बजे कुछ अज्ञात लोगों के फोन करने पर नयन घर से निकले थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे।

परिवार ने 20 अप्रैल को दर्ज कराई थी रिपोर्ट
परिवार ने 20 अप्रैल की रात को कोक्स बाजार सदर मॉडल पुलिस स्टेशन में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अगले दिन स्थानीय लोगों और नयन के सहकर्मियों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार दोपहर मंदिर के पूर्वी पहाड़ी इलाके में 30-35 लोगों के एक समूह ने सबसे पहले शव को देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। स्थानीय लोगों ने इस मौत की उचित और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *