06 June, 2026 (Saturday)

पतारा कला में गूंजा नारी सशक्तीकरण का संदेश

सीतापुर। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी संदीप कौर (विशेष सचिव सहकारिता विभाग) ने रविवार को पंचायत लर्निंग केंद्र पतारा कला में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश मिशन शक्ति में अभियान चलाया जा रहा है, जो नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलम्बन पर आधारित है। इसके अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने सभी को शासन की योजनाओं की जानकारी दी तथा महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि एक माँ होने के कारण आप सभी का दायित्व बढ़ जाता है। सबसे पहले एक माँ ही बेटा और बेटी के अंतर को समाप्त करे। नोडल अधिकारी ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटे और बेटी के जन्म पर समान रूप से खुशी मनाई जाए। समान शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर दिए जाए। महिलाओं के सशक्तीकरण में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका के विषय में बताते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं को न सिर्फ रोजगार मिला है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुयी है। सीतापुर में अनेक ग्रुपों में स्कूल ड्रेस बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रिवाल्विंग फंड से भी सहयोग मिल सकता है। इन सभी प्रयासों से निश्चय ही महिलाओं में आत्मनिर्भरता आएगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी को बेटियों के साथ साथ बेटों की निगरानी किये जाने और उन्हें बालिकाओं और महिलाओं का सम्मान किये जाने के लिए प्रेरित करने के लिए भी कहा। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, श्रम एवं रोजगार सुशील कुमार श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महिला स्वयं सहायता समूहो के गठन आदि योजनाओं के विषय में जानकारी दी। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जनपद में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा। खण्ड विकास अधिकारी कसमंडा काजल ने महिलाओं के हितार्थ संचालित योजनाओं के विषय में जानकारी दी। बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक बालिका शिक्षा ने बालिकाओं के सशक्तीकरण के विषय मे संचालित योजनाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किये जाने हेतु चलाये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के विषय मे जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने भी अपने विभाग की योजनाओं के विषय में जानकारी दी। कृषि विभाग द्वारा 15 महिला किसानों सुषमा, आरती, मीना देवी, महादेवी, संगीता मिश्रा, कलावती, रामरती, कमला, माया, प्रेमा, फूलमती, बिट्टी शर्मा, सोमवती, मीना देवी एवं रामदुलारी को सरसों के बीज की किट वितरित की। छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, उद्बोधन आदि प्रस्तुत किये गए। दिव्यांग छात्रा किरण गौतम द्वारा नारी सशक्तीकरण पर प्रस्तुत गीत ’बेटियां शीतल हवाएं हैं….’ ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापिका नीलम द्वारा किया गया। आभार जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय ने व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed