03 November, 2026 (Tuesday)

‘पंजाब के पंडितों की संस्कृत कमजोर, दूसरे राज्यों से बुलाने पड़ रहे पुजारी’, पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी का बयान

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पंडितों को लेकर विवादित बयान दे दिया है। चन्नी ने कहा है कि पंजाब के पंडितों की संस्कृत कमजोर है और राज्य में दूसरे राज्यों से पुजारी बुलाने पड़ रहे हैं। उनके इस बयान पर विवाद हो सकता है।
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राज्य में साल 2027 की शुरुआत में ही चुनाव आयोजित होने की संभावना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर चुके हैं और लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। हालांकि, राज्य में चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ऐसा बयान दे दिया है जो कि विवाद का कारण बन सकता है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि पंजाब के पंडितों की संस्कृत कमजोर है।
चरणजीत सिंह चन्नी ने क्या कहा?
बठिंडा में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसी यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी, जहां श्री रामायण और श्रीमद्भागवत गीता के अध्ययन केंद्र होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के ज्यादातर पंडितों की संस्कृत पर मजबूत पकड़ नहीं है, इसलिए कई मंदिरों में दूसरे राज्यों से पुजारी बुलाने पड़ते हैं। संस्कृत यूनिवर्सिटी बनने से इस जरूरत में कमी आएगी। आपको बता दें कि इससे पहले चरणजीत सिंह चन्नी पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लग चुका है। उन्होंने इस मामले में माफी मांगी थी।

‘कांग्रेस की सरकार बनने पर यूनिवर्सिटी का काम शुरू होगा’
आपको बता दें कि पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी सोमवार को बठिंडा के रामपुराफूल में पूर्व कैबिनेट मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के स्थानीय दफ्तर के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित श्री रामायण पाठ के भोग में शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि उनकी अगुआई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने यूनिवर्सिटी बनाने का प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर यूनिवर्सिटी का काम शुरू किया जाएगा।

राज्य में गुंडागर्दी का बोलबाला- चन्नी
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में वर्तमान में नशा, गैंगस्टरवाद और गुंडागर्दी का बोलबाला है। उन्होंने राज्य की AAP की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “बीते कुछ समय से एक भेड़ चाल हो गई है कि बदलाव लेकर आना है-बदलाव लेकर आना है। लेकिन लोगों ने कभी सोचा नहीं था कि इस तरह का बदलाव आएगा कि हर रोज गुंडागर्दी होगी, हर किसी को बाहर निकलने से भी डर लगने लगेगा, हर रोज कत्ल होंगे, गैंगस्टर पैसे मांगेंगे, फिरौती मांगी जाएगी और जो फिरौती नहीं देगा उसके घर या दुकान पर गोली मारकर चले जाएंगे। पंजाब में ये हर रोज का काम हो गया है।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed