03 November, 2026 (Tuesday)

दलेर मेहंदी विवाद अभी शांत नहीं हुआ, मंत्री सुबोध उनियाल का फिर आया बयान, बोले- “इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा”

दलेर मेहंदी विवाद को लेकर उनकी मंच पर आलोचना करने वाले मंत्री सुबोध उनियाल का एक बार फिर बयान सामने आया है। सुबोध उनियाल ने कहा है कि इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा।
देहरादून: उत्तराखंड के एक कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध सिंगर दलेर मेहंदी की मंच पर ही आलोचना से चर्चा में आए मंत्री सुबोध उनियाल का एक बार फिर बड़ा बयान सामने आया है, जिसे सुनकर यही कहा जा रहा है कि ये विवाद अभी पूरी तरह से शांत नहीं हुआ है।

मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून के एक कार्यक्रम में साफ कहा है कि इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा। मंत्री का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद माना जा रहा है कि ये विवाद फिर से तूल पकड़ सकता है।

सुबोध उनियाल ने ताजा वीडियो में क्या कहा?
सुबोध उनियाल ने एक कार्यक्रम के दौरान अपनी स्पीच में कहा, “किसी ने कहा कि अगर आपको हाईकमान कहेगा तो आपको माफी मांगनी पड़ेगी? इस पर मैंने कहा कि मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा लेकिन माफी नहीं मांगूंगा।”

सुबोध उनियाल ने कहा, “जीवन में सबसे महत्वपूर्ण आत्मसम्मान है।”

क्या है पूरा मामला?
प्रसिद्ध सिंगर दलेर मेहंदी उत्तराखंड के एक कार्यक्रम में मंच पर परफॉर्म कर रहे थे। इसी दौरान मंच पर उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल आए और दलेर मेहंदी की जमकर आलोचना की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद बॉलीवुड के तमाम कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे और मंत्री के इस कदम की आलोचना की। सभी ने कहा कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद वह मंच पर परफॉर्म करने के लिए आए। इस बीच दलेर के भाई और सिंगर मीका सिंह भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए और उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी की मांग की।

मीका सिंह की टीम ने किया था सुबोध उनियाल के माफी मांगने का दावा
हाल ही में खबर सामने आई थी कि मीका सिंह की टीम ने दावा किया कि उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कथित तौर पर फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। सुबोध उनियाल के ताजा बयान से ऐसा लग रहा है कि उन्होंने माफी नहीं मांगी है। अब ये मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और देखना ये होगा कि इस मामले पर अब क्या नई कंट्रोवर्सी शुरू होती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed