27 October, 2026 (Tuesday)

दौरे पड़ने का नाटक, गार्ड पर हमला और फिर फरार… तमिलनाडु की जेल से एक साथ 17 कैदी भागे; 4 अरेस्ट

तमिलनाडु के थेनी जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां की थेक्कमपट्टी जेल से 17 कैदी फरार होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आशंका के बीच कि कैदी अपने गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं, पूरे जिले में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
तमिलनाडु की थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल में 17 कैदियों ने एक जेल गार्ड पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पूरे राज्य में उनकी तलाश शुरू कर दी है और कई जिलों में वाहनों की जांच तेज कर दी है। वहीं, पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान जेल से भागे 4 कैदियों को गिरफ्तार कर लिया है। थेनी पुलिस के अनुसार, कुछ कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया और जैसे ही जेल कर्मी मदद के लिए पास आए उन पर हमला कर दिया। इसके बाद वे कैदी जेल से भाग गए।
16 चेक पोस्ट बनाकर हो रही खोजबीन
इस घटना के बाद थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक के.एस. प्रवीण गौतम ने जेल का निरीक्षण किया। कंदमनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आस-पास के इलाके में बड़े पैमाने पर तलाश हो रही है। भागे हुए कैदियों को पकड़ने के लिए 17 स्पेशल टीम बनाई गई हैं। फरार कैदियों की तलाश में पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। पुलिस इन रास्तों से गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच कर रही है।

गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं कैदी
पुलिस ने पड़ोसी जिलों, खासकर विझिपुरम में निगरानी बढ़ा दी है, क्योंकि माना जा रहा है कि फरार हुए कई लोग वहीं के रहने वाले हैं। इस आशंका के बीच कि कैदी अपने गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं, पूरे जिले में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

ये कैदी हुए फरार-
फरार होने वाले कैदियों की पहचान लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेंजीसुंदरम, सबरी, पोन मुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरूण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन के रूप में की गई।

IGP ने क्या कहा?
साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान भागे हुए कैदियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, “तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने भागे हुए एक कैदी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि कैदियों के भागने के बाद सुरक्षा टीमों ने वाहनों की जांच तेज कर दी है, जबकि पुलिस ने एहतियात के तौर पर पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेकपॉइंट बनाए हैं।
फिलहाल वरिष्ठ पुलिस और जेल अधिकारी संभावित सुरक्षा चूक और भागने की घटनाओं के क्रम की जांच कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed