ऑस्ट्रेलिया को वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के लिए पलटना होगा इतिहास, घर में अजेय है इंग्लैंड की टीम
5 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया को सातवीं बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए इतिहास रचना होगा।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 5 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक स्टेडियम में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम वेस्टइंडीज को हराकर टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। वहीं इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था। दोनों ही टीमें इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है। ऐसे में रविवार को किसी एक टीम के विजय रथ पर विराम लगना तय है। जो टीम इस मैच को जीतेगी वो चैंपियन बनेगी। ऑस्ट्रेलिया को अगर सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतना है तो उन्हें इस बार इतिहास रचना होगा।
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में अपने घर पर एक भी मैच नहीं हारी है इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की महिला टीम आज तक अपने घर में कोई भी टी-20 वर्ल्ड कप का मैच नहीं हारी है। साल 2009 से लेकर 2026 के सेमीफाइनल तक, इंग्लैंड ने अपने घर पर कुल 11 मैच खेले हैं और इन सभी में जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में जीत दर्ज करने के लिए इंग्लैंड के विजय रथ को रोकना होगा। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलियाई टीम आठवीं बार फाइनल खेलने जा रही है, जबकि इंग्लैंड की टीम पांचवीं बार फाइनल में पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया को इस वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी तक छह बार खिताब जीत चुकी है, वहीं 2016 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा है भारी?
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 45 मैच खेले गए हैं। इनमें से 22 मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की है और 20 मैचों में इंग्लैंड को जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच दो मैच टाई रहा और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। इन आंकड़ों को देखकर लगता है कि फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच बहुत कांटे की टक्कर होगी। आपको बता दें कि 2009 का टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला गया था और वहां फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इंग्लैंड ने खिताब अपने नाम किया था। इस बार इंग्लैंड की टीम दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम करना चाहेगी।
