हापुड़ में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर चोट के निशान; पति पर हत्या का संदेह
हापुड़ में एक महिला का शव किराए के मकान से बरामद हुआ है। महिला का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि उसका पति उसे मारकर भाग गया है।
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नगला उदयरामपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक मकान के कमरे में एक महिला का शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतका का नाम अनु देवी है, जो मूल रूप से मंडी, पंजाब की रहने वाली थी। वह अपने पति के साथ यहां रह रही थी, जो कि आजमगढ़ का निवासी बताया जा रहा है।
पति मौके से फरार
मकान मालिक और ग्रामीणों के अनुसार, यह दंपति लगभग एक सप्ताह पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आया था और उन्होंने अभी तक अपनी आईडी भी जमा नहीं कराई थी।
मृतका के शरीर पर मौजूद चोटों के निशानों को देखकर पुलिस ने आशंका जताई है कि उसकी किसी ठोस वस्तु से प्रहार करके हत्या की गई है। इस वारदात के बाद से ही महिला का पति मौके से फरार है, जिससे उस पर हत्या का संदेह और गहरा गया है।
मकान मालिक ने दी ये जानकारी
मकान मालिक ने बताया कि सुबह जब महिला काफी देर तक नहीं उठी, तो कमरे के पास जाने पर बदबू आने लगी, जिसके बाद उन्होंने ग्राम प्रधान को इसकी सूचना दी। ग्राम प्रधान विनीत प्रधान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला उनके भाई रोहतास प्रधान के मकान का है। उन्होंने बताया कि यह पति-पत्नी लगभग एक सप्ताह पहले ही यहाँ किराए पर रहने के लिए आए थे।
घटना से पिछली रात को आए तूफान से पहले, करीब 12:00 बजे तक सब कुछ पूरी तरह ठीक था। लेकिन अगली सुबह जब वे दोनों काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले, तो उनके भाई की पत्नी ने जाकर देखा। दोपहर जब उन्होंने कमरे के पास जाकर देखा, तो वहाँ से तेज बदबू आ रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया और साथ ही चौकी इंचार्ज को भी मामले की पूरी जानकारी दी। प्रधान जी ने बताया कि कमरे में रहने वाले ये दोनों लोग पति-पत्नी थे। वे यहाँ किसी नौकरी की तलाश में आए थे, हालांकि अभी उन्होंने कहीं काम शुरू नहीं किया था। इस घटना के बाद से महिला का पति मौके से फरार है और वह किस समय वहाँ से भागा, इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। फरार पति की तलाश और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
