01 July, 2026 (Wednesday)

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया का वकील कौन? आशुतोष ने साहिल को भेजा 10 करोड़ का नोटिस

केतन अग्रवाल हत्याकांड में कानूनी विवाद बढ़ गया है। सिया गोयल के वकील को लेकर असमंजस के बीच अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया के भाई साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। कोर्ट ने सिया और चेतन को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
पुणे: चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के साथ-साथ कानूनी विवाद भी गहराता जा रहा है। एक ओर वडगांव मावल कोर्ट ने मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है, वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया के भाई साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस उस विवाद के बाद भेजा गया है, जिसमें साहिल और सिया का परिवार लगातार यह कह रहा था कि आशुतोष श्रीवास्तव सिया के वकील नहीं हैं।

सिया की तरफ से मौजूद थे 2 अलग-अलग वकील
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में एक असामान्य स्थिति देखने को मिली। सिया गोयल की ओर से दो अलग-अलग वकील अदालत में मौजूद थे। दोनों के पास सिया गोयल के हस्ताक्षर वाला वकालतनामा था और दोनों ने अदालत में सिया की ओर से बहस भी की। हालांकि, बहस पूरी होने के बाद सिया गोयल ने खुद अदालत में हाथ उठाकर कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव उसके वकील नहीं हैं। दूसरी ओर, आशुतोष श्रीवास्तव के पास भी सिया के हस्ताक्षर वाला हलफनामा मौजूद था, जिसके आधार पर वह अदालत में पेश हुए थे।
आशुतोष को हमने वकील नियुक्त नहीं किया’

पिछले कुछ दिनों से आशुतोष श्रीवास्तव लगातार मीडिया के सामने खुद को सिया गोयल का वकील बताते हुए उनका पक्ष रख रहे थे। वहीं दूसरी तरफ सिया का परिवार मीडिया में लगातार यह दावा करता रहा कि आशुतोष श्रीवास्तव को सिया का वकील नियुक्त नहीं किया गया है। इन विरोधाभासी दावों के बीच भी आशुतोष श्रीवास्तव अदालत पहुंचे और सिया की ओर से बहस की। इसके बाद उन्होंने सिया के भाई साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि का कानूनी नोटिस भेज दिया।

मामले की गहराई से जांच कर रही है पुलिस
बता दें कि केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाने के लिए वडगांव मावल कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन को 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले में अब तक 13 महत्वपूर्ण वस्तुएं (आर्टिकल) जब्त की जा चुकी हैं, लेकिन अभी कई अन्य अहम सबूत जुटाने बाकी हैं। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी अलग-अलग स्थानों पर रहने के बावजूद कहां मिलते थे और उन्होंने हत्या की साजिश कहां बनाई थी। इसके अलावा पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *