05 August, 2026 (Wednesday)

रैंगिग की शिकायत की तो बैट और डंडे लेकर जूनियर छात्रों पर टूट पड़े सीनियर्स, बेरहमी से की पिटाई

ओडिशा के रायगडा ज़िले में एक सरकारी स्कूल हॉस्टल में 9वीं क्लास के 20 से ज़्यादा छात्रों की कथित तौर पर सीनियर छात्रों ने पिटाई कर दी। इन छात्रों ने अधिकारियों से रैगिंग और परेशान किए जाने की शिकायत की थी।
ओडिशा के रायगड़ा जिले से स्कूल हॉस्टल में रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रैगिंग और उत्पीड़न की शिकायत करने पर कक्षा 9 के 20 से ज्यादा छात्रों की सीनियर छात्रों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना जिले के एसएसडी हाई स्कूल के हॉस्टल की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है। आरोप है कि कक्षा 10 के एक छात्र और उसके साथ मौजूद कुछ अन्य सीनियर छात्रों ने कक्षा 9 के करीब 20 छात्रों को एक कमरे में बुलाया। इसके बाद क्रिकेट बैट और डंडों से उनकी पिटाई की गई।

मारपीट में कई छात्र घायल

बताया जा रहा है कि जूनियर छात्रों ने कुछ दिन पहले स्कूल के हेडमास्टर से हॉस्टल में हो रही रैगिंग और उत्पीड़न की शिकायत की थी। इसी शिकायत से नाराज होकर सीनियर छात्रों ने उन पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सीनियर छात्र बेरहमी से जूनियर छात्रों को पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट में कई छात्र घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।

घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्कूल के हेडमास्टर को रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और लापरवाही बरतने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्कूल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भविष्य में इस तरह की कोई भी घटना होने पर तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हेडमास्टर ने दी ये जानकारी

स्कूल के इंचार्ज हेडमास्टर प्रताप चंद्र सौंता ने कहा कि स्कूल प्रशासन को इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली। उन्होंने बताया, “हमें मंगलवार सुबह इस घटना के बारे में पता चला। कक्षा 10 के कुछ छात्रों ने कक्षा 9 के कई छात्रों के साथ मारपीट की थी। घटना देर रात हुई थी, इसलिए स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। बाद में हमने घायल छात्रों के अभिभावकों को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा।घटना की जांच जारी है और जल्द ही मामले पर एक्शन लिया जाएगा।”
घटना में घायल छात्र शुभम नायक ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। उसने कहा कि सीनियर छात्र अक्सर डंडों से हमला करते थे और उन्हें परेशान करते थे। इस बारे में कई बार शिक्षकों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्र का दावा है कि हॉस्टल परिसर में लंबे समय से उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा था। फिलहाल जिला प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि रैगिंग और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और शिकायत मिलने के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *