‘हम पूरी तरह तैयार हैं, फोर्स तैनात कर दी गई है…’, CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का बयान
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह पूरी तरह तैयार है और जरूरी फोर्स तैनात कर दी गई है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त और वोटर लिस्ट के SIR की प्रक्रिया के खिलाफ विपक्ष दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए इजाजत नहीं दी है लेकिन CJP ने प्रदर्शन करने की बात कही है। आपको बता दें कि बीते जुलाई महीने में भी CJP के प्रदर्शन के दौरान काफी हिंसा देखने को मिली थी। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर उन्होंने पूरी तैयारी की है।
हम पूरी तरह तैयार हैं- दिल्ली पुलिस
10 अक्टूबर को होने वाले CJP विरोध प्रदर्शन की तैयारियों पर दिल्ली पुलिस की DCP सृष्टि पांडे ने कहा- “हमारी तैयारी पूरी है और जरूरी फोर्स तैनात कर दी गई है। हम पूरी तरह तैयार हैं और हमारे सभी संसाधन और इंतजाम मौजूद हैं। मैं आम जनता से अपील करती हूं कि वे किसी के बहकावे में आकर ऐसे गैर-कानूनी विरोध प्रदर्शनों में शामिल न हों। अगर वे प्रदर्शन में शामिल हों भी तो वहां कोई गैर-कानूनी काम न करें, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और न ही पुलिसकर्मियों पर हमला करें। यह विरोध प्रदर्शन गैर-कानूनी है और इसके लिए इजाजत नहीं दी गई है। मैं सभी से निवेदन करती हूं कि वे इस विरोध प्रदर्शन में शामिल न हों।” बता दें कि 10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गैर-कानूनी जमावड़ों में शामिल न हों- पुलिस
CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस की DCP सृष्टि पांडे ने कहा- “धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसका मतलब है कि विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है। न तो जंतर-मंतर पर और न ही कहीं और प्रदर्शन की इजाजत है। किसी भी तरह के जमावड़े को गैर-कानूनी माना जाएगा और हमें उसके खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी। मैं प्रदर्शनकारियों से अपील करना चाहती हूं कि वे ऐसे गैर-कानूनी जमावड़ों में शामिल न हों। कृपया अपनी सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें। साथ ही, अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। गैर-कानूनी विरोध प्रदर्शनों के मामले में इस प्रक्रिया में शामिल होने का एक सही तरीका होता है। गैर-कानूनी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से आपको लंबे समय तक कानूनी नतीजों का सामना करना पड़ सकता है।”
