पानी की टंकी का वाल्व फटा, तेज प्रेशर की चपेट में आया ऑपरेटर, बाल-बाल बची जान; खौफनाक VIDEO वायरल
हरदोई के सांडी कस्बे में आज नगर पालिका की पानी की टंकी पर बड़ा हादसा टल गया। ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक दबाव के कारण वाल्व की प्लेट फट गई और समसुल तेज बहाव की चपेट में आ गए।
उत्तर प्रदेश के हरदोई के साण्डी कस्बे के इंदिरा पार्क परिसर में बनी नगर पालिका की पानी की टंकी पर मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पाइपलाइन के लीकेज को ठीक करने के दौरान अचानक तेज पानी के दबाव से वाल्व की प्लेट फट गई, जिससे टंकी से तेज रफ्तार से पानी का फव्वारा निकल पड़ा। देखते ही देखते आसपास की सड़कें पानी से भर गईं और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लीकेज की मरम्मत करते समय तेज दबाव से हादसा
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार पानी की टंकी के ऑपरेटर समसुल लीकेज वाले वाल्व की मरम्मत कर रहे थे। तभी अचानक अत्यधिक प्रेशर के कारण वाल्व की प्लेट फट गई और तेज बहाव की चपेट में ऑपरेटर भी आ गए। गनीमत रही कि उन्होंने किसी तरह खुद को संभाल लिया और बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इंदिरा पार्क और मुख्य मार्ग के आसपास पानी ही पानी नजर आने लगा।
वाल्व फटने के साथ हुई तेज आवाज
नगर पालिका द्वारा नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई इस टंकी में तकनीकी खराबी आने से कुछ समय के लिए जलापूर्ति भी प्रभावित हुई। फिलहाल पानी के तेज बहाव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाल्व फटने के साथ ही तेज आवाज हुई और बड़ी मात्रा में पानी मुख्य मार्ग और इंदिरा पार्क परिसर में फैल गया। सड़क पर जलभराव हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
नगर पालिका के अधिकारियों ने क्या कहा?
सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के अधिकारियों बताया कि पाइपलाइन के वाल्व में लीकेज की समस्या थी, जिसे ठीक किया जा रहा था। अचानक दबाव बढ़ने से वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही नगर की वॉटर सप्लाई सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी।
