07 March, 2026 (Saturday)

उज्जैन के तराना में हिंसा, बस फूंकी, दुकानों में आग, पथराव; 25 गिरफ्तार

उज्जैन (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन के तराना कस्बे में गुरुवार रात शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को उग्र हिंसा में तब्दील हो गया। दो समुदायों के बीच तनाव इस कदर बढ़ा कि आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। उपद्रवियों ने एक बस को आग के हवाले कर दिया, कई दुकानों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जबकि एक मंदिर पर पथराव की सूचना भी मिली। हालात काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ गुरुवार रात एक युवक से मारपीट की घटना रही, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुक्रवार सुबह से ही कस्बे में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बाजार बंद रहे और लोग घरों में दुबके रहे। दोपहर बाद स्थिति उस समय बिगड़ गई जब एक दुकान में आग लगा दी गई। इसके कुछ ही देर बाद जुमे की नमाज के पश्चात महेश नगर क्षेत्र में खड़ी एक बस को फूंक दिया गया, जिससे तनाव और भड़क उठा।
हिंसा के दौरान एक दर्जन से अधिक बसों, करीब 9 कारों और कई दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया। पथराव में एक युवक घायल हो गया। उपद्रवियों ने अलग-अलग इलाकों में पत्थरबाजी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया तथा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए।
बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बजरंग दल के प्रचारक साहिल ठाकुर और काजी चौक निवासी सलमान बेग के बीच पुराने विवाद से हुई। गुरुवार शाम साहिल ठाकुर पर कथित तौर पर कुछ युवकों ने हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तराना थाने का घेराव कर दिया। इसी दौरान बस स्टैंड पर खड़ी कई बसों और कारों में तोड़फोड़ की गई।
शुक्रवार को हालात और बिगड़े जब पूर्व पार्षद की एक स्क्रैप दुकान में आग लगा दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई इलाकों में पथराव की घटनाएं होती रहीं। देर रात तक महेश मार्केट, मदारवाड़ा और नयापुरा क्षेत्रों से हिंसा की खबरें आती रहीं। हालात काबू में करने के लिए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। आगजनी और बस जलाने की घटनाओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। शनिवार सुबह बाजार खुल गए और स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात रखा गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *