VIDEO: बधाई के पैसों पर बवाल, किन्नर समाज के दो गुटों में ‘महाभारत’! एक-दूसरे को लाठी-डंडे से जमकर पीटा
Baghpat Transgender Video: बागपत में किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए और खेकड़ा की गली को जंग का मैदान बना दिया। किन्नरों के दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और चप्पल-जूते चलाए। अब इस मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
Baghpat Transgender Clash: यूपी के बागपत की एक गली में दे-दनादन लात-घूंसे और चप्पलें बरसीं। खेकड़ा इलाके में एक गली जंग का मैदान बन गई। दरअसल ऐसा तब हुआ जब बधाई के पैसे के लिए किन्नर समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए। कोई किसी को छोड़ने को तैयार नहीं था। हालांकि, इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानें ये पूरा मामला क्या है।
हिंसक संघर्ष में बदला किन्नरों का पुराना विवाद
दरअसल, बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किन्नर समाज के दो गुटों के बीच पुराना विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। बधाई मांगने के क्षेत्र और उससे होने वाली आय को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और दोनों गुट सड़क पर आमने-सामने आ गए।
एक-दूसरे पर बरसाए चप्पल, लाठी और लात-घूंसे
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर जमकर हमला कर रहे हैं। सड़क पर धक्का-मुक्की, लात-घूंसे और लाठी-डंडे से मारपीट हो रही है। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही, जबकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए भिड़े रहे।
मारपीट में कई किन्नर हो गए घायल
चश्मदीदों के मुताबिक, किन्नरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई। मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया।
झगड़े में शामिल लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच का अहम आधार बनाया गया है। पुलिस संघर्ष में शामिल लोगों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी हुई है।
डीएम की गाड़ी के आगे लेटे किन्नर
इस लड़ाई-झगड़े के बाद बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में भी हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। किन्नर समाज के लोगों ने डीएम अस्मिता लाल की गाड़ी के सामने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित किन्नर डीएम की कार के आगे डट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान, कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दूसरे के एरिया में आकर बधाई लेने का है विवाद
आरोप है कि खेकड़ा क्षेत्र में गुरु निक्की किन्नर के साथ लोनी निवासी मीना किन्नर और उसके साथियों ने मारपीट की है। इस घटना के बाद बागपत के किन्नर समाज में भारी रोष है। किन्नरों का आरोप है कि बाहरी क्षेत्र के किन्नर खेकड़ा में आकर बधाई मांग रहे हैं, जिसका स्थानीय किन्नर समाज लगातार विरोध कर रहा है।
कलेक्ट्रेट में किन्नरों का हाई-वोल्टेज हंगामा
आक्रोशित किन्नरों का कहना है कि मारपीट की घटना के बावजूद खेकड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में किन्नर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से न्याय की मांग करने लगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान, कुछ किन्नर डीएम की गाड़ी के सामने लेट गए और कार्रवाई होने तक वहां से हटने से इनकार कर दिया।
सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा किन्नर समाज
फिर, स्थिति को गंभीर होता देख जिलाधिकारी अस्मिता लाल खुद मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे किन्नरों को समझाने का प्रयास किया। डीएम ने उनकी बात सुनी, फिर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद, किसी तरह स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल, वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, किन्नर समाज आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
एएसपी बागपत प्रवीण चौहान ने बताया कि किन्नरों के बीच जो विवाद हुआ है, उसका मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
