UP Panchayat Chunav: फाइनल वोटर लिस्ट आज जारी होगी, 9 अंकों का नया वोटर नंबर लागू
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट आज जारी की जाएगी। इससे पहले नौ अंकों का नया स्टेट वोटर नंबर लागू कर दिया गया है। जानिए वोटर लिस्ट से जुड़े तमाम अपडेट्स…
उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग आज त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख अब तक पांच बार बढ़ा चुका है, लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि इस बार इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा और आज ही जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि आयोग ने 23 दिसंबर को पंचायत चुनाव की अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें प्रदेश के 12.69 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज थे। सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव भी जल्द कराए जाने की स्थिति भी साफ हो सकती है।
मतदाता सूची को लेकर क्या हैं अपडेट्स?
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत चुनाव की फाइनल मतदाता सूची जारी करने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंगलवार को मतदाता सूची के कंप्यूटीकरण, स्टेट वोटर नंबर के आवंटन व मतदेय स्थलों की मैपिंग इत्यादि का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया था। पहले से अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख पांच बार जा चुकी है। आज सूची जारी होने के बाद देर शाम तक इसे राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
क्या है नौ अंकों का वोटर नंबर?
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए इस बार मतदाताओं को नया नौ अंकों का पहचान नंबर दिया गया है। ये नौ अंकों का नंबर नया स्टेट वोटर नंबर है, जिससे पहचान और चुनावी प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। इसके तहत मतदाताओं का फोटो सहित ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। कोई भी व्यक्ति दो बार वोट नहीं डाल सकेगा। मोबाइल एप की मदद से मतदाता की पोलिंग बूथ पर फोटो खींचते ही यह पता चल जाएगा कि इसने पहले वोट डाल दिया है। पहली बार आयोग पंचायत चुनाव में तकनीक का प्रयोग करेगा।
बार बार क्यों बढ़ाई गई तारीख?
अनंतिम मतदाता सूची में 1.81 करोड़ नए नाम जोड़े गए थे और 21.08 लाख मतदाताओं के नाम में संशोधन किया गया था, इसकी वजह से 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए थे। वर्ष 2021 की मतदाता सूची में 12.29 करोड़ मतदाता थे। इसी पर दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं। इस दौरान लाखों आपत्तियां, जिनको सुनवाई कर निस्तारित किया गया। यही वजह है कि अंतिम सूची जारी करने की तिथि पांच बार बढ़ाई गई थी। आयोग के अनुसार अब सूची के प्रकाशन में किसी तरह की देरी नहीं होगी।
