17 August, 2026 (Monday)

दो लव अफेयर, 7 महीने की प्रेग्नेंसी और युवती की संदिग्ध मौत; पुलिस की गिरफ्त में दोनों प्रेमी; कानपुर में रेप के बाद किया था मर्डर

कानपुर के घाटमपुर में पिछले हफ्ते 24 साल की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। युवती का शव आम के बाग में पड़ा मिला था। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के युवती से लंबे समय से संपर्क की बात सामने आई है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में 7 महीने की गर्भवती युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में कुछ दिनों पूर्व हुई मौत के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किए गए लोग युवती के कथित प्रेमी हैं। बताते चले कुछ दिनों पूर्व 24 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर आम के बाग में मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर घाटमपुर पुलिस ने पतारा निवासी अरविंद उर्फ गोला पांडेय और फतेहपुर जिले के नरैनी निवासी प्रांजुल पाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया?
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सात महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड तैयार कर जांच के लिए सुरक्षित की है। इसके अलावा गर्भस्थ शिशु का DNA सैंपल भी सुरक्षित रखा गया है। हालांकि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस मेडिकल और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ननिहाल आने के दौरान प्रांजुल से हुई थी मुलाकात
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत के अनुसार, पुलिस पूछताछ में प्रांजुल पाल ने युवती से करीब चार साल से संपर्क में होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, प्रांजुल की मां की मौसी का घर घाटमपुर क्षेत्र के हिरनी गांव में है। वह वहां अक्सर आता-जाता था। इसी दौरान उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि युवती उससे इलाज के नाम पर कई बार पैसे लेती थी। हालांकि इन बयानों की पुलिस अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है और घटना में उसकी वास्तविक भूमिका को लेकर साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।

अरविंद के खेत में काम करने के दौरान हुई थी पहचान
दूसरे आरोपी अरविंद उर्फ गोला पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह युवती के पिता को अपना खेत बटाई पर देता था। खेत में काम के दौरान उसकी युवती से पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पुलिस के मुताबिक, अरविंद ने युवती की आर्थिक मदद करने और उसे स्कूटी दिलाने की बात भी स्वीकार की है। पूछताछ में उसने बताया कि युवती ने उसे अपनी सात महीने की गर्भावस्था के बारे में जानकारी दी थी।

इसके बाद अरविंद उसे कानपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गया था। आरोप है कि वहां उसने खुद को युवती का पिता बताकर इलाज कराने की कोशिश की। डॉक्टरों ने युवती की स्थिति देखने के बाद इलाज से इनकार कर दिया। इसके बाद वह युवती को एंबुलेंस से गांव के किनारे तक लेकर आया।

शव मिलने के बाद डरकर भागने का दावा
अरविंद के अनुसार, गांव के पास पहुंचने के बाद उसने युवती से घर जाने के लिए कहा और खुद वापस लौट गया। अगले दिन जब उसे युवती का शव मिलने की जानकारी हुई तो वह डर गया और वहां से चला गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे आम के बाग तक कौन लेकर गया था। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, DNA जांच और आरोपियों के बयानों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस ने क्या कहा?
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत की वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बता दें कि यूपी के फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज से भी रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी के गले में दुपट्टा बांधकर उसे गंगा नदी में फेंक दिया। नदी में गिरने के बाद पीड़िता चिल्लाती रही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *