05 June, 2026 (Friday)

ईरान के यूरेनियम भंडार को लेकर ट्रंप ने दे दी बड़ी धमकी, कहा- ‘कोई भी उसके पास गया तो उड़ा डालेंगे’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान के यूरेनियम भंडारों के पास कोई भी गया तो उसे उड़ा देंगे। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ऐसे समय में सैन्य एक्शन लेगा।
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर जारी है। हालांकि, ये कहना मुश्किल होता जा रहा है कि ये सीजफायर कब तक टिकेगा। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को खत्म करने के लिए शांति समझौते पर कोई बात नहीं बन पाई है। हाल ही में ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को शांति प्रस्ताव के प्वाइंट्स भेजे हैं जिसे मानने से राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ तौर पर मना कर दिया है। इस तनाव के बीच अब डोनाल्ड ट्रंंप ने ईरान को एक और धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर कोई भी ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडारों के पास गया तो अमेरिका उसे उड़ा देगा।

क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है कि ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडारों पर अमेरिका कड़ी नजर रख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इन जगहों पर पहुंचने की किसी भी तरह की कोशिश के परिणामस्वरूप तुरंत सैन्य एक्शन लिया जाएगा। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि अगर यूरेनियम भंडारों की सुरक्षा से समझौता होता है तो पर अमेरिकी सेना के पास उन्हें उड़ाने की ताकत है। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा सैन्य स्थिति पर चर्चा के दौरान कहा कि ईरान एक पराजित देश है और ईरान की रक्षात्मक और आक्रामक क्षमताओं को व्यवस्थित रूप से नष्ट कर दिया गया है।
ट्रंप ने कहा, “हमें किसी न किसी समय इसका पता चल जाएगा। हम इसकी निगरानी कर रहे हैं। मैंने स्पेस फोर्स नामक एक संस्था बनाई है, और वे इस पर नजर रख रहे हैं। अगर कोई भी उस जगह के पास पहुंचा, तो हमें इसकी जानकारी मिल जाएगी, और हम उसे उड़ा देंगे।” अमेरिकी खुफिया जानकारी की सटीकता पर विस्तार से बताते हुए, ट्रंप ने दावा किया कि स्पेस फोर्स सुविधाओं में घुसपैठ करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा, “अगर कोई अंदर आ जाए, तो वे (स्पेस फोर्स) उसका नाम, पता, बैज नंबर बता सकते हैं।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *