06 June, 2026 (Saturday)

कानपुर में सीवर टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा! जहरीली गैस से हो गई पिता-पुत्र की मौत, परिवार में छाया मातम

Kanpur Sewer Cleaning Tragedy: कानपुर में सीवर क्लीनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इसमें पिता-पुत्र दो लोगों की मौत हो गई। दोनों सफाई के लिए सीवर टैंक में उतरे थे और वहीं बेहोश हो गए। इस हादसे ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Kanpur Sewer Tank Accident: ​उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गूबा गार्डन इलाके में सीवर टैंक की सफाई करने उतरे पिता और पुत्र की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता-पुत्र के जाने के बाद परिजन बेसहारा हो गए हैं।

सफाई के दौरान ​कैसे हुआ हादसा?
​जानकारी के अनुसार, जावेद और उनके बेटे आकिब, कल्याणपुर क्षेत्र में एक सीवर टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे। टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस का प्रभाव इतना तेज था कि दोनों मजदूर देखते ही देखते बेहोश हो गए। जब काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
टैंक से निकालकर आननफानन में ले जाया गया अस्पताल
​हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ कई आला अधिकारी भी पहुंचे। फिर काफी मशक्कत के बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए हैलेट अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पिता-पुत्र दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जहरीली गैस के कारण हो गई पिता-पुत्र की मौत
​कल्याणपुर के एसीपी आशुतोष यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण सीवर टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस का रिसाव लग रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। ​इस घटना ने एक बार फिर सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *