श्री कृष्णा’ की यशोदा मैया बनी थी ये एक्ट्रेस, सादगी से जीते लाखों दिल, फिर एक्टिंग से मोह हुआ भंग, अब कर रही हैं ये काम
रामानंद सागर की चर्चित टीवी सीरीज ‘श्री कृष्णा’ में यशोदा मैया का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दामिनी कंवल तो आपको याद ही होंगी? बीते 33 सालों में दामिनी काफी बदल गई हैं। इस बीच उनकी कुछ लेटेस्ट तस्वीरें सामने आई हैं, जिसके बाद वह फिर चर्चा में आ गई हैं।
80-90 के दशक में दूरदर्शन पर पौराणिक धारावाहिकों का ही जलवा था। इस दौर में ‘रामायण’ से लेकर ‘महाभारत’ जैसे पौराणिक धारावाहिकों ने दस्तक दी, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी दौरान एक और पौराणिक धारावाहिक आया, जिसकी लोकप्रियता रामायण या महाभारत से बिलकुल भी कम नहीं थी। हम बात कर रहे हैं रामानंद सागर की सीरीज ‘श्री कृष्णा’ की। 1993 में दूरदर्शन पर टेलीकास्ट हुआ ‘श्री कृष्णा’, रामायण और महाभारत के बाद सबसे पॉपुलर टीवी शो बना। इस धारावाहिक में सर्वदमन डी बैनर्जी, स्वप्निल जोशी, पिंकी पारिख, मुकुल नाग और विलास राज जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे और कलाकारों की टोली में दामिनी कंवल शेट्टी भी थीं, जिन्होंने सीरियल में मैया यशोदा की भमिका निभाई थी।
1993 में हुआ था श्रीकृष्णा का प्रसारण
रामानंद सागर द्वारा निर्मित ‘श्री कृष्णा’ 1993 में दूरदर्शन पर आया था। खास बात तो ये है कि ‘श्री कृष्णा’ सबसे ज्यादा रेटिंग वाले भारतीय धारावाहिकों में से एक है। इसे आईएमडीबी पर 10 में से 9 रेटिंग मिली है, जिससे इसकी लोकप्रियता का साफ पता चलता है। धारावाहिक में स्वप्निल जोशी और सर्वदमन डी बैनर्जी ने कृष्णा की भूमिका निभाई थी, श्वेता रस्तोगी ने युवा राधा की भूमिका निभाई और विलास राज ने कंस की भूमिका से सुर्खियां बटोरीं। श्री कृष्णा की स्टारकास्ट में एक और अभिनेत्री थीं, जिनकी खूब चर्चा हुई और वह थीं दामिनी कंवल शेट्टी, जिन्होंने यशोदा मैया की भूमिका से सबके दिल मोह लिए। हालांकि, कई सालों से दामिनी अभिनय की दुनिया से दूर हैं, तो चलिए जानते हैं कि अब दामिनी कहां हैं और क्या कर रही हैं?
अब क्या कर रही हैं दामिनी?
दामिनी कंवल यूं तो सालों से किसी एक्टिंग प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं, लेकिन अभिनय की दुनिया में वह अभी भी सक्रिय हैं। वह अब बतौर निर्माता इंडस्ट्री में काम कर रही हैं और ‘इटरनल फ्लेम प्रोडक्शन’ के नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस चलाती हैं। दामिनी इस प्रोडक्शन हाउस तले कन्नड़ फिल्में प्रोड्यूस करती हैं और इसी के साथ वह फिल्में डायरेक्ट भी करती हैं और कई कहानियां भी लिख चुकी हैं। दामिनी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और इंस्टाग्राम पर उन्हें 1 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
