16 March, 2026 (Monday)

बहुत बुरा होगा NATO का भविष्य’, ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट पर समर्थन को लेकर सहयोगियों को चेताया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NATO सहयोगियों को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर सहयोगी देश होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित करने में मदद नहीं करते हैं तो NATO का भविष्य बहुत बुरा होगा।
Donald Trump Warns NATO: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NATO के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने एक तरह से चेतावनी देते हुए संकेत दिया कि अगर सदस्य देश होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित करने में मदद नहीं करते हैं, तो इस गठबंधन का भविष्य बहुत बुरा हो सकता है। रविवार को प्रकाशित ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ के साथ एक टेलीफोन इंटरव्यू में, राष्ट्रपति ने इस रणनीतिक समुद्री मार्ग के संबंध में यूरोपीय सहयोगियों को सीधा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो देश इस जलमार्ग से लाभ लेंगे उन्हें इसकी सुरक्षा का जिम्मा भी साझा करना चाहिए।
जो लाभ लेते हैं वो मदद करें’
राष्ट्रपति ट्रंप ने अखबार से कहा, “यह बिल्कुल उचित है कि जो लोग इस स्ट्रेट से फायदा पाते हैं वो यह सुनिश्चित करने में मदद करें कि वहां कुछ भी बुरा ना हो।” उन्होंने चेतावनी दी कि, “अगर कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है, या अगर प्रतिक्रिया नकारात्मक होती है, तो मुझे लगता है कि यह NATO के भविष्य के लिए बहुत बुरा होगा।”

ट्रंप ने यूक्रेन का किया जिक्र
ट्रंप रूस के साथ संघर्ष के दौरान यूक्रेन को अमेरिका की ओर से दी गई पिछली सहायता का उदाहरण देते हुए तुलना की। उन्होंने कहा, “हमें यूक्रेन के मामले में उनकी मदद करने की कोई जरूरत नहीं थी। अब हम देखेंगे कि क्या वो हमारी मदद करते हैं, क्योंकि मैं लंबे समय से कहता आ रहा हूं कि हम उनके लिए हमेशा मौजूद रहेंगे, लेकिन वो हमारे लिए मौजूद नहीं रहेंगे।”

किस तरह की मदद चाहते हैं ट्रंप?
ट्रंप से जब मदद की प्रकृति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें जो कुछ भी जरूरी हो उसकी उम्मीद है, जिसमें इस क्षेत्र में माइनस्वीपर (बारूदी सुरंग हटाने वाले जहाज) तैनात करना भी शामिल है।

एयरफोर्स वन में क्या बोले ट्रंप?
एयरफोर्स वन में ट्रंप ने कहा, “हम हमेशा NATO के लिए मौजूद रहते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सा देश एक बहुत ही छोटे से प्रयास में हमारी मदद नहीं करता है, जोकि केवल इस स्ट्रेट को खुला रखना है।” राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि सहयोगी ईरानी तट से उत्पन्न होने वाले खतरों को बेअसर करने में मदद कर सकते हैं। उनका इशारा खाड़ी क्षेत्र में नौसैनिक बारूदी सुरंगों और ड्रोन का इस्तेमाल करने वाली ईरानी इकाइयों की ओर था।

ब्रिटेन को लेकर ट्रंप ने जताई नाराजी
ईरान के खिलाफ हाल ही में अमेरिका और इजरायल की ओर से की गई सैन्य कार्रवाइयों को ब्रिटेन से तत्काल समर्थन ना मिलने के कारण, ट्रंप ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के प्रति अपनी नाराजगी भी जताई। ट्रंप स्टार्मर के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, “ब्रिटेन को शायद नंबर 1 सहयोगी, सबसे लंबे समय से साथ देने वाला, वगैरह माना जाता है, और जब मैंने उनसे आने के लिए कहा, तो वो आना नहीं चाहते थे।”

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed