28 March, 2026 (Saturday)

थप्पड़ के बदले बच्ची की हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर, आटे के ड्रम में मिला था मासूम का शव

आगरा में 8 साल की बच्ची की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। बता दें कि किराये को लेकर बहस होने के बाद थप्पड़ का बदला लेने के लिए आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी थी।
इस वक्त की बड़ी खबर आगरा से सामने आ रही है। यहां आठ साल की बच्ची की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में था। पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी को भी गोली लग गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में एक दारोगा को भी गोली लगी है। आरोपी ने थप्पड़ का बदला लेने के लिए बच्ची की हत्या कर दी थी और शव को आटे के ड्रम में छिपा दिया था।
फिरोजाबाद भागने की फिराक में था आरोपी
दरअसल, आगरा में 8 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी किरायेदार शनिवार तड़के 3 बजे एनकाउंटर में ढेर हो गया। DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी फायरिंग करने लगा, इसमें एक दारोगा को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को भी गोली लग गई। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि यह मुठभेड़ बमरौली कटारा के पास हुई।

बच्ची की हत्या के बाद से था फरार
जानकारी के मुताबिक 29 साल के सुनील ने 24 मार्च को जूता कारोबारी की बच्ची का गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को आटे के ड्रम में भर दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था, तब से वह फरार था। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि 11 दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। इसी का बदला लेने के लिये उसने हत्या को अंजाम दिया। सुनील आज तड़के पुलिस की गोली से घायल हुआ था और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। (इनपुट- अंकुर कुमड़िया)

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *