14 October, 2026 (Wednesday)

मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम शिव मंदिर के 81 साल के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंदिर के एक बुजुर्ग पुजारी की हत्या से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाश भौराकलां क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर पहुंचे और पहले पुजारी को आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आए, बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे पुजारी को पहले से जानते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

मृतक की पहचान 81 साल के स्वामी देवानंद भारती के रूप में हुई है। वह भौराकलां थाना क्षेत्र में ITI कॉलेज परिसर में बने शिव मंदिर में पुजारी थे। मंगलवार देर शाम बाइक से पहुंचे दो युवकों ने पहले उन्हें आवाज लगाई। इसके बाद वहां तैनात पीआरडी जवान ने गोली चलने की आवाज सुनी। गोली चलने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुजारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

रिटायर्ड फौजी थे पुजारी
पुलिस के मुताबिक, स्वामी देवानंद भारती सेना से सेवानिवृत्त थे और मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी बताए जा रहे हैं। अधिकारी उनकी पृष्ठभूमि और अन्य जानकारियों की भी पुष्टि कर रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि वारदात को किसी ऐसे व्यक्ति ने अंजाम दिया, जो पुजारी को पहले से जानता था। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। इसके अलावा सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय थाने की तीन टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
जांच में जुटी फोरेंसिक और सर्विलांस टीम
DIG के अनुसार, घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, जिस गोली से पुजारी की हत्या हुई, वह उनके शरीर को आर-पार कर गई थी और उसका बुलेट बरामद कर लिया गया है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed