05 June, 2026 (Friday)

‘हमें भी मरवाने की बातें’- तेज प्रताप यादव के बयान से बिहार की राजनीति में हलचल तेज

बिहार की राजधानी पटना में जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक बयान देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है, उन्होंने कहा कि उनकी हत्या करवाने की भी साजिश होती है. यह टिप्पणी उन्होंने सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दी.
मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह अच्छी बात है कि पप्पू यादव को जमानत मिल गई और वे जेल से बाहर आ गए हैं. अब उन्हें विवादों से दूर रहकर जनता के कामों पर ध्यान देना चाहिए और लोगों से सीधे जुड़ना चाहिए.
राजनीति में साजिशें आम बात
मारने की साजिश वाले बयान पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि राजनीति में साजिशें आम हैं. नेताओं के खिलाफ तरह-तरह की साजिशें होती रहती हैं. हमारे खिलाफ भी साजिशें होती हैं और हमें भी मरवाने की बातें होती हैं. राजनीति में रहने वालों को इन सबका सामना करना पड़ता है.
निशांत कुमार पर आरोप बेबुनियाद
पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे अक्सर बिना आधार के बयान देते हैं, उन्होंने बताया कि अमिताभ दास ने पहले उनके खिलाफ भी गलत बयान दिए थे, जिनका कोई सबूत नहीं था. अब वे मुख्यमंत्री नितीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन वे भी बेबुनियाद हैं. तेज प्रताप यादव ने कहा कि ऐसे आरोपों को वे पूरी तरह खारिज करते हैं और सरकार की कार्रवाई सही है.
बिहार में कानून-व्यवस्था सुधार जरूरी
राबड़ी देवी द्वारा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी एक युवा नेता हैं और सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन राज्य की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम लेना जरूरी है. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया और सुरक्षा, साजिश तथा कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे फिर से चर्चा के केंद्र में आ गए.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *