07 July, 2026 (Tuesday)

‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में हमले के बाद टैंकर पर लगी आग, ईरान बोला- ‘बात नहीं मान रहा था’

ओमान के तट के पास ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में एक तेल टैंकर पर प्रोजेक्टाइल हमला होने से आग लग गई। UKMTO ने घटना की पुष्टि की है।
दुबई: ओमान के तट के पास स्थित ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में मंगलवार तड़के एक तेल टैंकर पर ‘प्रोजेक्टाइल’ से हमला हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई। ब्रिटेन की सैन्य समुद्री निगरानी एजेंसी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस यानी कि UKMTO ने इस हमले की पुष्टि की है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब ईरान में दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की रस्में चल रही हैं और क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ है।

ईरान ने कहा- ‘बात नहीं मान रहा था टैंकर’
हमले के तुरंत बाद शक की सुई ईरान की ओर गई और बाद में बयान भी आ गया। ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा कि तेल टैंकर ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया था। इससे पहले भी ईरान पर ओमान के तट के पास से गुजरने वाले जहाजों पर हमले कराने के आरोप लगते रहे हैं। हाल ही में ईरान ने जहाजों को चेतावनी दी थी कि वे केवल उसके द्वारा तय किए गए समुद्री मार्ग का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि उसी रास्ते को सुरक्षित माना जाएगा। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। शांति के समय दुनिया में होने वाले कुल तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है।
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत रुकी
इस बीच, ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता फिलहाल रुकी हुई दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद ही बातचीत दोबारा शुरू हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतिम संस्कार में शामिल कुछ लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ नारे भी लगाए थे। वहीं, ट्रंप ने एक बयान में कहा था कि वह खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान एक हफ्ते तक ईरान पर किसी तरह का हमला नहीं करेंगे। उन्होंने एक बयान में यह भी कहा कि या तो ईरान के साथ डील होगी, या अमेरिका काम तमाम करेगा।

ओमान के लिमा क्षेत्र के पास हुआ हमला
UKMTO के मुताबिक, टैंकर पर हमला ओमान के लिमा क्षेत्र के पास हुआ। जहाज ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से दक्षिण दिशा में ओमान की खाड़ी की ओर जा रहा था, तभी उसके बाईं ओर (पोर्ट साइड) प्रोजेक्टाइल आकर लगा। हमले के बाद जहाज में आग लग गई। एजेंसी ने बताया कि इस हमले से समुद्री पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और मामले की जांच की जा रही है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने पिछले गुरुवार को चेतावनी दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी तेल टैंकरों को केवल ईरान द्वारा तय किए गए मार्ग का पालन करना होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed