05 June, 2026 (Friday)

‘बातचीत तो हो सकती है, लेकिन सीजफायर बिल्कुल नहीं’, ईरान से जारी जंग के बीच बोले डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच साफ कहा कि बातचीत संभव है, लेकिन सीजफायर नहीं होगा। उन्होंने सैन्य कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया और दावा किया कि अमेरिका अपने लक्ष्यों को हासिल करने के करीब है।
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बयान में साफ कहा है कि अमेरिका फिलहाल ईरान से जुड़े युद्ध में कोई सीजफायर नहीं चाहता। उन्होंने जोर देकर कहा कि अभी सैन्य हमले जारी रखना बेहद जरूरी है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बाहर फ्लोरिडा के पाम बीच जाते समय पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘हम बातचीत कर सकते हैं, लेकिन सीजफायर नहीं करना चाहते। जब आप दूसरे पक्ष को पूरी तरह से कुचल रहे हों तो सीजफायर नहीं किया जाता। हम ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहते।’
ब्रिटेन के रवैये पर ट्रंप ने जताई हैरानी
ब्रिटेन ने हाल ही में अमेरिका को अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की इजाजत बढ़ा दी है। इसका मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमला करने वाले ईरानी मिसाइल ठिकानों को नष्ट करना है। ब्रिटेन ने इसे ‘रक्षात्मक कार्रवाई’ बताया। ब्रिटेन के रवैये पर हैरानी जताते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मैं ब्रिटेन पर थोड़ा हैरान हूं। उन्हें बहुत पहले यह काम करना चाहिए था। वे ज्यादा तेजी से काम कर सकते थे।’ वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरगची ने ब्रिटेन के इस फैसले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इससे ब्रिटेन के नागरिकों की जान खतरे में पड़ जाएगी और हम इसे हमले की तरह देखेंगे।

‘लक्ष्यों को पूरा करने के करीब हैं हम’
मध्य पूर्व में जारी जंग पर एक और महत्वपूर्ण बयान देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने जिन लक्ष्यों को लेकर ईरान पर हमला किया था वे अब पूरे होने वाले हैं। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘हम अपने लक्ष्यों को पूरा करने के बहुत करीब हैं और मध्य पूर्व में ईरान के आतंकवादी शासन के खिलाफ अपनी शानदार सैन्य कोशिशों को कम करने पर विचार कर रहे हैं।’ ट्रंप की इस पोस्ट से कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में अमेरिका अपने हमलों में कमी ला सकता है लेकिन उसके पहले वह ये सुनिश्चित करना चाहेगा कि ईरान जवाबी कार्रवाई न कर सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *