27 June, 2026 (Saturday)

पीएम मोदी की फैन है सुनील शेट्टी की नातिन इवारा, तस्वीर पर चढ़ाती है लड्डू, एक्टर बोले- ‘उनमें कुछ जादुई है’

आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स के बीच भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता देखने को मिलती है। सुनील शेट्टी भी पीएम मोदी के बहुत बड़े फैन हैं, जिन्होंने हाल ही में खुलासा किया कि उनके साथ-साथ उनकी नातिन इवारा भी पीएम मोदी की फैन है।
बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और ये बात वह हमेशा कहते आए हैं। वह कई बार पीएम मोदी को लेकर अपना प्यार और सम्मान जाहिर कर चुके हैं। लेकिन, उनके साथ-साथ उनकी नातिन इवारा भी पीएम मोदी की फैन है, इसका खुलासा उन्होंने पहली बार किया है। जी हां, सुनील शेट्टी की 15 महीने की नातिन इवारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुत बड़ी फैन हैं। यही नहीं, इवारा उनकी तस्वीर पर लड्डू भी चढ़ाती है और सुबह उठते ही उनके सबसे पहले शब्द ‘मोदी जी, मोदी जी’ होते हैं और इस बात का खुलासा खुद सुनील शेट्टी ने किया है।

पीएम मोदी की बहुत बड़ी फैन हैं सुनील शेट्टी की नातिन
सुनील शेट्टी ने हाल ही में ‘टाइम्स नाउ’ के साथ बातचीत में बताया कि उनकी बेटी अथिया शेट्टी और दामाद केएल राहुल की बेटी इवारा पीएम मोदी की बहुत बड़ी फैन है। अभिनेता ने बताया कि एक बार इवारा को एक नैनी ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की तस्वीर दिखाई थी और उनके बारे में बताय था, तभी से इवारा हर रोज सुबह जब भी उठती है तो पीएम मोदी का नाम लेती है और फिर उनकी तस्वीर पर मिठाई चढ़ाती है। जबकि, उन्होंने या उनके परिवार में किसी ने उसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा।

रोज सुबह उठकर पीएम मोदी की तस्वीर लड्डू चढ़ाती है सुनील शेट्टी की नातिन
सुनील शेट्टी कहते हैं- ‘मैं हमेशा से ये बात कहता आया हूं कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत बड़ा फैन हूं। मैं किसी पार्टी के बारे में बात नहीं कर रहा हूं, मैं लीडर के बारे में बात कर रहा हूं। ऐसा लीडर, जो मुझमें जोश भरता है। मुझे जितना अपने देश से प्यार है, उतना ही उनसे प्यार है। उनमें कुछ तो खास बात है, नहीं तो मेरी 15 महीने की नातिन उनकी फैन न होती। मेरी नातिन को एक बार उसकी एक नैनी ने एयरपोर्ट पर मोदी जी के बारे में बताया था और तब से वो हर सुबह साई बाबा की एक किताब खोलती है, जिस पर मोदी जी की भी तस्वीर है। उस तस्वीर को खोलने के बाद वो ‘मोदी जी, मोदी जी’ कहती है। फिर घर में गणपति जी की मूर्ति के पास से लड्डू लाती है और उस तस्वीर को खिला देती है। जबकि न तो मैंने उसे ऐसा करने के लिए कहा है, न उसकी मां ने।’

उनमें कुछ तो जादुई है- सुनील शेट्टी
सुनील शेट्टी आगे कहते हैं- ‘उसकी नैनी ने सिर्फ एक बार उसे इतना कहा था- ‘मोदी जी’। तो उनमें कुछ तो बात होगी न। हमने उसके सामने उनके बारे में एक शब्द नहीं कहा, लेकिन वो खुद से ‘मोदी जी’ कहती है। उनमें कुछ तो जादुई है।’ बता दें, सुनील शेट्टी की बेटी अथिया और दामाद केएल राहुल 2023 में शादी के बंधन में बंधे थे और शादी के 2 साल बाद मार्च 2025 में बेटी इवारा का इस दुनिया में स्वागत किया। कपल अपनी बेटी के लिए नो फोटो पॉलिसी फोलो करता है और सोशल मीडिया पर अब तक अपनी बेटी का चेहरा रिवील नहीं किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed