साढ़े छह साल की पोती को ड्राइव करने के लिए दे दी कार, सब-इंस्पेक्टर पर भड़के लोग; केस दर्ज
तेलंगाना में एक सब-इंस्पेक्टर ने अपनी साढ़े छह साल की पोती को कार ड्राइव करने की इजाजत दे दी। हालांकि बच्ची को कार चलाता देख स्थानीय लोगों ने सब-इंस्पेक्टर को जमकर खरी खोटी सुनाई। वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है।
हैदराबाद: तेलंगाना के नरसिंगी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी 6.5 साल की पोती को कार चलाने के लिए दे दी। जानकारी के मुताबिक शख्स की पहचान एक सब-इंस्पेक्टर के तौर पर हुई है। घटना का एक वीडियो भी इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्ची को कार चलाते हुए देखा जा सकता है। बच्ची के कार चलाने के दौरान सब-इंस्पेक्टर भी उसके बगल वाली सीट पर बैठा हुए था। एक अन्य वीडियो में स्थानीय लोगों के द्वारा इसका विरोध करते हुए देखा जा सकता है। वहीं मामला सोशल मीडिया पर सामने आया, तो पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है।
पोती को कार चलाने की दी इजाजत
दरअसल, हैदराबाद के पास नरसिंगी में एक सब-इंस्पेक्टर द्वारा अपनी 6.5 साल की पोती को गाड़ी चलाने देने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग बच्ची को कार चलाने के लिए देने का विरोध भी करते दिख रहे हैं। इस घटना का साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में साइबराबाद पुलिस ने कहा, “सामने आए मामले के संबंध में, नरसिंगी पुलिस स्टेशन इलाके में एक नाबालिग को गाड़ी चलाने की इजाजत देने के लिए पुजारी थिरुपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 180 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है।”
सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ केस दर्ज
वहीं एक्स पर एक अन्य पोस्ट में तेलंगाना पुलिस ने लिखा, “इस घटना में, DGP CV आनंद IPS ने साइबराबाद पुलिस कमिश्नर को संबंधित अधिकारी को सस्पेंड करने और विभागीय जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सब-इंस्पेक्टर द्वारा अपनी 6.5 साल की पोती को गाड़ी चलाने देने का कथित वीडियो वायरल होने पर, DGP CV आनंद ने भी एक्स पर कहा, “DGP ने साइबराबाद के CP से संबंधित अधिकारी को सस्पेंड करने और इस लापरवाही के लिए विभागीय जांच शुरू करने को कहा है।” वहीं इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने चिंता जाहिर की है। यूजर्स का कहना है कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को भी दावत दे सकती है
